नवीन जयहिंद की पानीपत कोर्ट में पेशी आज, 4 साल पहले कावड़ यात्रा में हुआ था पुलिस से विवाद
punjabkesari.in Monday, Dec 19, 2022 - 12:12 PM (IST)

पानीपत (सचिन) : पीजीआई में मारपीट मामले में न्यायिक हिरासत में बंद आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद की चार साल पुराने केस में आज पानीपत की कोर्ट में पेशी है। नवीन को किसी भी वक्त पुलिस रोहतक से लाकर पानीपत पेश कर सकती है।
जानें क्या है मामला
नवीन जयहिंद ने साल 2018 में नशे के खिलाफ भाईचारा कावड़ यात्रा निकाली थी। यह यात्रा रोहतक से हरिद्वार के लिए निकाली गई थी, जिसमें युवाओं ने भाग लिया था। यात्रा के समापन पर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आम आदमी पार्टी के समन्वयक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी रोहतक पहुंचे थे। इस यात्रा के दौरान पानीपत पुलिस ने गाड़ियों की जांच की थी। पुलिस ने इस संदेह पर तलाशी ली थी कि गाड़ियों में हथियार हो सकते हैं, लेकिन पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला था। गाड़ियों की जांच के बाद पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। इन लोगों को नवीन जयहिंद ने छुड़वा लिया था। इस दौरान जयहिंद और पुलिस के बीच खासा विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दावा किया कि कावड़ यात्रा के काफिले में शामिल गाड़ी का नंबर फर्जी है।
बताया जा रहा है कि जयहिंद ने गाड़ी का नंबर ट्रांसफर करने सहित सभी दस्तावेज पानीपत के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश भी कर दिए थे, लेकिन पानीपत पुलिस ने नवीन जयहिंद समेत पांच अन्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। नवीन जयहिंद को इसी मामले में पेश होने के लिए कहा गया है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)