मिष्ठान भंडारों में उड़ाई जा रही नए नियमों की धज्जियां, जानें किस मिठाई की क्या होगी एक्सपायरी डेट
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2020 - 08:59 AM (IST)
फरीदाबाद (सुधीर राघव) : मिठाई की दुकान पर अब शो-केस में रखी मिठाई की ट्रे पर मेन्युफेक्चरिंग और बेस्ट विफोर लिखना होगा। इसका साफ मतलब है कि ट्रे पर मिठाई कब बनाई और कब तक इसे खा सकते हैं। यह लिखना होगा। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ने निर्देश जारी किए हैं। जिसके कारण जिले में संचालित करीब 200 मिष्ठान संचालक यह कवायद करने में जुटे हैं।
हालांकि कुछ संचालकों ने तो अपने प्रतिष्ठानों में नई गाइडलाइन के तहत काउंटर पर रखी खुली मिठाईयों की ट्रे पर एक्सपायरी डेट लिख भी लिया है। लेकिन अभी दर्जनों ऐसे प्रतिष्ठान हैं, जिन्हे नियम-कायदों से कोई सरोकार नही है। गौरतलब है कि ग्राहकों को एक्सपायरी डेट की मिठाईयां बेचने से उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। जिसकी अनेकों बार जिम्मेदारों के पास शिकायतें भी आई है। लिहाजा अब मिठाई कारोबारियों की इस तरह की लापरवाही पर लगाम लग सकेगी। 1 अक्टूबर से ट्रे पर रखी मिठाईयों पर यह व्यवस्था शुरु हो गई है। पंजाब केसरी की टीम ने मंगलवार को फरीदाबाद शहर की कई दुकानों का जायजा लिया तो सभी मिठाई विक्रेता नियमों की खुली धज्ज्जियां उड़ाते पाए गए। सभी का एक ही कहना था कि मेन्युफेक्चरिंग और बेस्ट विफोर लिखना और एक्सपायरी डेट लिखा होने वाली प्लेट प्रिंटिंग पर गई है। लेकिन कहीं भी ट्रे पर लेबल लगे हुए नहीं मिले।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी करेंगे निरीक्षण
एफ एसएसएआई के निदेर्शों के मुताबिक स्वीट सेंटर संचालक और मिठाई कारोबारियों को संबंधित खाद्य पदार्थ के खराब होने की तारीख स्वयं लिखना होगी। व्यापारी एक्सपायरी डेट गलत न लिखें इसके लिए दुकानों व उनकी किचिन का औचक निरीक्षण खाद्य सुरक्षा अधिकारी करेंगे। तारीख गलत लिखने जैसी शिकायतों की जांच खाद्य पदार्थ के सैंपल टेस्ट से होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
किस मिठाई की क्या होगी एक्सपायरी डेट
1 दिन उपयोग में आने वाली मिठाई कलाकंद, बटर स्कॉच कलाकंद, रोज कलाकंद, चॉकलेट कलाकंद।
2 दिन तक उपयोग वाली मिठाई दुग्ध उत्पाद व मिल्क बादाम, रसगुल्ला, रसमलाई, रबड़ी रसमलाई, शाही टोस्ट, राजभोग, मलाई रोल, बंगाली रबड़ी, हिरमानी व हरिभोग, अनारकली, माधुरी, पाकिजा, रसकदम, रस काटा, खीर मोहन, गुड़ रसमलाई, गुड़ रबड़ी, गुड़ रसगुल्ला।
4 दिन उपयोग होने वाली मिठाई मिल्क केक, पेड़ा, प्लेन बर्फी, मिल्क बर्फी, पिस्ता बर्फी, कोकोनट बर्फी, चॉकलेट बर्फी, सफेद पेड़ा, कोकोनट लड्डू, लाल लड्डू के अतिरिक्त मोतीचूर मोदक, खोया बादाम, मेवा भाटी, फ्रूट केक, खोया तिल, केसर कोकोनट लड्डू, मलाई घेवर, व्रत केसरिया कोकोनट लड्डू, मेवा लड्डू, पिंक बर्फी, तिल बुग्गा, ड्राई फ्रूट तिल बुग्गा, शाही घेवर, खोया केसर बादाम रोल, तिल भाटी, खीर कदम, खीरा बीज बर्फी, खोया कोकोनट बर्फी, मोतीपक।
7 दिन उपयोग होने वाली मिठाई घी व ड्राई फ्रूट लड्डू, काजू कतली, घेवर, शक्कर पारा गुड़ पारा, शाही लड्डू, मूंग बर्फी, आटा लड्डू, ड्राई फ्रूट गुजिया, बूंदी लड्डू, काजू केसर बर्फी, काजू बेक्स गुजिया, बादाम लौंग, बालूशाही, बादाम बर्फी, केसर बड़ी मलाई, चंद्रकला, केसर गुजिया, मैदा गुजिया, काजू खजूर, पिस्ता लौंग, छोटा केसर घेवर, केसर चंद्रकला, काजू लड्डू, बेसन बर्फी, काजू रोज कतली।
30 दिन उपयोग आने वाली मिठाई आटा लड्डू, बेसन लड्डू, चना लड्डू, चना बर्फी, अंजीर खजूर बर्फी, कराची हलवाए सोहन हलवा, गजक व चिक्की।