पलवल में नेशनल हाईवे-19 पर हंगामा, रोडवेज कार्रवाई के दौरान भिड़े ईको चालक और अधिकारी; बसें खड़ी कर लगाया जाम
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 04:26 PM (IST)
पलवल (गुरुदत्त गर्ग) : नेशनल हाईवे-19 पर अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रोडवेज अधिकारियों और ईको चालकों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद कुछ चालकों ने रोडवेज टीम से हाथापाई कर दी। विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने बसें खड़ी कर हाईवे जाम कर दिया, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाया। दरअसल हरियाणा रोडवेज पलवल डिपो के जीएम जितेंद्र यादव अपनी टीम के साथ बस स्टैंड के बाहर अवैध रूप से चल रहे ईको और ऑटो वाहनों पर कार्रवाई कर रहे थे। टीम ने बिना अनुमति सवारियां भर रहे वाहनों के चालान काटने शुरू किए। कुछ वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया भी की जा रही थी।
इस कार्रवाई के दौरान कई ईको चालक मौके पर पहुंच गए और रोडवेज अधिकारियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ चालकों ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मौके पर मौजूद रोडवेज कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और अपने अधिकारियों के समर्थन में बाहर आ गए। घटना से नाराज कर्मचारियों ने रोडवेज बसों को हाईवे पर खड़ा कर दिया। इससे नेशनल हाईवे-19 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों और जीएम जितेंद्र यादव ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद रोडवेज कर्मचारियों ने बसें हटाईं और यातायात दोबारा शुरू हो सका। हालांकि कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बस स्टैंड चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि रोडवेज जीएम की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मौके से एक ईको चालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जीएम जितेंद्र यादव ने शिकायत में कहा कि अवैध वाहन चालक सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे थे। साथ ही रोडवेज अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बदसलूकी भी की गई। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।