कांग्रेस के एक और दिग्गज की घर वापसी, निशान सिंह ने थामा पार्टी का हाथ, भूपेंद्र और उदयभान रहे मौजूद

punjabkesari.in Monday, Apr 29, 2024 - 03:58 PM (IST)

चंडीगढ़: टोहाना से पूर्व विधायक और हरियाणा में जननायक जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी से इस्तीफा देने वाले निशान सिंह ने चंडीगढ़ कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है। निशान सिंह की करीब 30 साल बाद घर वापसी हुई है। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी मौजूद रहे।

 

बता दें कि पूर्व विधायक निशान सिंह ने 8 अप्रैल को जेजेपी पार्टी और प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ दिया था। इस दौरान उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र लेगा सहित अनेक पदाधिकारियों ने भी पार्टी छोड़ दी थी। निशान सिंह के पार्टी छोड़ने के बाद जेजेपी में इस्तीफों की झड़ी लगी जिसके तहत फतेहाबाद जिले में निशान सिंह के तमाम समर्थकों ने जेजेपी पार्टी को अलविदा कह दिया था।

PunjabKesari

PunjabKesari

हुड्डा ने पार्टी ज्वाइन करने वाले नेता व कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में पूरे मान-सम्मान व स्थान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति लगातार जनता का रुझान व समर्थन बढ़ता जा रहा है। रोज नए साथी कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। यह इस बात की गारंटी है कि हरियाणा में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी। लेकिन इससे पहले लोकसभा के चुनाव हैं और सभी कांग्रेसजनों को देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने के लिए पुरजोर तरीके से जमीनी स्तर पर मेहनत करनी होगी। हरियाणा में सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल कर कांग्रेसजन देश व प्रदेश में नई सरकार की नींव रखेंगे। 

चौधरी उदयभान ने कहा कि निशान सिंह जैसे बड़े नेताओं के आने से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी। उनका राजनीतिक अनुभव कांग्रेस के काम आएगा। उन्होंने ज्वाइन करने वाले सभी नेता व कार्यकर्ताओं को फील्ड में उतरकर कांग्रेस के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी से लड़ने के लिए कांग्रेस के पास सबसे मजबूत हथियार उसका घोषणापत्र है। इसी घोषणापत्र को देखकर बीजेपी बौखलाई हुई है और लगातार अनर्गल आरोपबाज़ी कर रही है। क्योंकि बीजेपी को पता है कि जो भी व्यक्ति कांग्रेस का घोषणापत्र पढ़ेगा, वह बीजेपी को वोट नहीं देगा। इसलिए तमाम कांग्रेसजनों को यह घोषणापत्र घर-घर और जन-जन तक पहुंचना है।

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस में हो रही लगातार जॉइनिंग प्रदेश के सियासी मिजाज को बयां कर रही है। पिछले डेढ़ साल के भीतर 40 पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री, सांसद, पूर्व सांसद कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। बीजेपी और जेजेपी के प्रति लोगों का मोह भंग हो चुका है। इसलिए हरियाणा में इंडिया गठबंधन सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने जा रहा है। 

अपने संबोधन में सरदार निशान सिंह ने भरोसा दिलाया कि वो और उनके कार्यकर्ता अभी से बिना किसी देरी और बिना किसी औपचारिकता के चुनावी संग्राम में उतर जाएंगे। पार्टी नेतृत्व की तरफ से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ निभाएंगे। कांग्रेस की मजबूती और उसकी सरकार बनना ही अब सभी नेता व कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। 

2000 में इनेलो की टिकट में बने थे विधायक

निशान सिंह वर्ष 2000 में इनेलो के टिकट पर टोहाना से विधायक चुने गए थे इस दौरान उन्हें तब 43,076 वोट मिले थे। इसके बाद वे लगातार तीन चुनाव हार गए। 2005 और 2009 में उन्हें कांग्रेस के पूर्व मंत्री परमवीर सिंह ने हराया जबकि 2014 में वह भाजपा के सुभाष बराला से मात खा गए। 2019 का विधानसभा इलेक्शन निशान सिंह नहीं लड़ पाए थे क्योंकि तब जेजेपी ने चुनाव के ऐन मौके पर कांग्रेस छोड़कर आए देवेंद्र सिंह बबली को उम्मीदवार बना दिया था। वही इनेलो की टिकट पर चुनाव लड़ने से पहले वे कांग्रेस के कार्यकर्ता के तौर पर कार्य कर चुके है इसलिए इसे उनकी घर वापसी कहा जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Recommended News

Related News

static