Haryana में अब 1.62 लाख Voters को जारी होंगे नोटिस, जानिए क्या है बड़ी वजह...
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 03:07 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : हरियाणा में मतदाता सूची को अंतिम रूप दिए जाने से पहले चुनाव आयोग ने छूटे हुए मतदाताओं को एक आखिरी मौका दिया है। यमुनानगर जिले में ऐसे 1 लाख 62 हजार 870 लोगों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिन्होंने अब तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की।
जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों को मतदाता ड्राफ्ट सूची भी उपलब्ध करा दी है। अगर किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है या किसी को सूची पर आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी बात रख सकता है।
यमुनानगर जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत ऐसे 1 लाख 62 हजार 870 लोगों की पहचान की गई है, जिन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए निर्धारित फॉर्म जमा नहीं किए। अब इन सभी लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, ताकि वे निर्धारित समय के भीतर अपना पक्ष रखकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।
.jpg)
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीति ने बताया कि मतदाता ड्राफ्ट सूची जारी कर दी गई है और इसकी प्रतियां सभी राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करा दी गई हैं। यदि किसी व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है तो वह तुरंत अपने बीएलओ से संपर्क करे। वहीं, यदि किसी को ड्राफ्ट सूची पर कोई आपत्ति है तो उसके निस्तारण के लिए एआर (Assistant Registration Officer) को सुनवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन का कहना है कि जिन लोगों ने पहले बीएलओ के बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया, उनके नाम फिलहाल सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। अब नोटिस मिलने के बाद यदि संबंधित व्यक्ति निर्धारित समय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखता है और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करता है, तो नियमानुसार उसका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकता है। इसलिए जिन लोगों को नोटिस मिले, वे समय रहते जवाब देकर अपने मताधिकार को सुनिश्चित करें।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)