दिलेर खरकिया फायरिंग केस: लॉरेंस गैंग का शार्पशूटर रोहित उर्फ ''बोदा'' एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
punjabkesari.in Sunday, Oct 04, 2026 - 08:31 AM (IST)
सोनीपत (सुशील मोर): हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी गांव लाडपुर निवासी रोहित उर्फ बोदा सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया। बारोटा-छतेहरा के पास STF सोनीपत और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम पर दो फायर किए, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वीओ-1 STF सोनीपत और दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि लाडपुर निवासी रोहित उर्फ बोदा बारोटा-छतेहरा के पास आने वाला है। रोहित की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लूट, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उसके तार लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से भी जुड़े हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने टीम पर दो फायर कर दिए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पिस्तौल, बाइक और एक थैला बरामद हुआ।
वीओ-2 रोहित उर्फ बोदा पर आरोप है कि 17 सितंबर की रात भिवानी के खरक कलां गांव में गायक दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी उनकी रेंज रोवर पर फायरिंग की गई थी। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित के नाम से एक पोस्ट डालकर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।जांच के दौरान रोहित का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस के मुताबिक रोहित के तार हिसार के बाडो पट्टी टोल प्लाजा के प्रबंधक संजय शुक्ला हत्याकांड से भी जुड़े हैं और इस मामले में भी उसकी तलाश थी। इसके अलावा सोनीपत की गुड़ मंडी में एक व्यापारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी उसका नाम सामने आया है। अब मुठभेड़ के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी भूमिका की जांच करेगी।