नूंह में दर्दनाक हादसा...6 बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, गुब्बारे बेचते समय गैस टंकी फटने से हुई मौत
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 05:35 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के गांव मामलीका निवासी मुस्ताक पुत्र फजरू की एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह गुब्बारे बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसा उस समय हुआ जब मुस्ताक मोटरसाइकिल पर हाइड्रोजन गैस टंकी लेकर गांव जमालगढ़ में गुब्बारे बेचने गए थे। इसी दौरान अचानक गैस टंकी में विस्फोट हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक मुस्ताक बेहद गरीब परिवार से संबंध रखते थे और गुब्बारे बेचकर ही घर का खर्च चलाते थे। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मृत्यु के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और छह बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार में कोई बेटा नहीं है और सभी बेटियां अभी आश्रित हैं।
वही परिवार का कहना है कि मुस्ताक की असमय मौत ने उन्हें पूरी तरह से तोड़ दिया है। घर की आय का एकमात्र स्रोत समाप्त हो जाने से भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।परिजनों ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने अपील की है कि पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार का जीवन यापन सुचारू रूप से चल सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुनहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सिलेंडर में कौन-सी गैस भरी हुई थी और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।