सावधान! असली के नाम पर बिक रही थी नकली खाद: नूंह पुलिस की दोहा गांव में बड़ी छापेमारी, मुख्य आरोपी समेत 3 फरार
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 09:01 PM (IST)
नूंह(ऐके बघेल): नूंह जिले में किसानों को कथित रूप से नकली खाद बेचने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के हापुड़ से ट्रकों में सस्ती नकली खाद लाकर उसे डीएपी के खाली कट्टों में भरकर असली खाद के नाम पर किसानों को बेचा जा रहा था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
एंटी सीएस स्टाफ की टीम ने शुक्रवार को नूंह जिले के गांव दोहा में छापेमारी कर 300 कट्टे संदिग्ध नकली खाद, डीएपी के 300 खाली कट्टे तथा एक ट्रक बरामद किया। पुलिस का आरोप है कि गिरोह लंबे समय से किसानों को असली डीएपी बताकर नकली खाद बेच रहा था।

शनिवार को गिरफ्तार आरोपी वारिश और ट्रक चालक शमी मोहम्मद को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है, अब तक कितने किसानों को नकली खाद बेची गई और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।
फिरोजपुर झिरका के डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों असलम, खुर्शीद और इमरान की गिरफ्तारी के लिए एंटी सीएस स्टाफ तथा सदर थाना फिरोजपुर झिरका की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस जांच के अनुसार खुर्शीद को इस रैकेट का मुख्य संचालक माना जा रहा है, जो हापुड़ से नकली खाद मंगवाकर डीएपी के खाली कट्टों में भरवाता था और उसे असली खाद बताकर बेचता था। डीएसपी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।