मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के खिलाफ हरियाणा में नर्सिंग कैडर का प्रदर्शन, 5 से 7 अक्टूबर तक 2-2 घंटे की हड़ताल का ऐलान

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 12:19 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग की 'मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी' (MOTP) के खिलाफ नर्सिंग स्टाफ का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पानीपत सिविल अस्पताल में नर्सिंग एसोसिएशन पानीपत की ओर से सिविल सर्जन को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे अपने विरोध प्रदर्शन को और उग्र करेंगे।   

3 दिवसीय सांकेतिक हड़ताल

मांग पूरी न होने पर अब 5 अक्टूबर, 6 अक्टूबर और 7 अक्टूबर 2026 को रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 2 घंटे की सांकेतिक हड़ताल की घोषणा की गई है।   

नर्सिंग स्टाफ की मुख्य परेशानियां : 

परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियां

नर्सिंग कैडर में ज्यादातर महिला कर्मचारी हैं, जिन पर बच्चों की देखभाल, पढ़ाई और बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल की जिम्मेदारियां हैं। दूर-दराज ट्रांसफर होने से उनका मानसिक तनाव बढ़ेगा।   
24 घंटे की सेवाएं और सुरक्षा

स्वास्थ्य संस्थानों में सुबह, शाम और रात की तीन शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी होती है। ग्रामीण व दूर-दराज के इलाकों में जाकर ड्यूटी करने से महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।   
अन्य राज्यों और विभागों का उदाहरण

एसोसिएशन का कहना है कि भारत के किसी भी राज्य में नर्सिंग कैडर पर ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू नहीं है। शिक्षा विभाग में शिक्षिकाएं केवल दिन की ड्यूटी करती हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग में परिस्थितियां बिल्कुल अलग हैं। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सरकार को साफ शब्दों में कहा अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे अपने विरोध प्रदर्शन को और उग्र करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static