फरीदाबाद में स्कूल पर दीवार गिरने का VIDEO आया सामने, तेज आंधी के कारण हुआ हादसा, 4 बच्चों के सिर में आई थी चोट
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 12:09 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के खेड़ी रोड स्थित भारत कॉलोनी में निजी स्कूल की छत पर पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने का वीडियो सामने आया है। शनिवार सुबह हुए हादसे में 10 बच्चे मलबे के नीचे दब गए थे, जिनमें से 4 के सिर में चोट आई है। पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत पर मकान के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तेज आंधी के बीच अचानक भरभराकर स्कूल की छत पर गिरी दीवार
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज आंधी के बीच एक भारी-भरकम दीवार अचानक भरभराकर स्कूल की छत पर गिर जाती है। दीवार गिरते ही जोरदार धमाके की आवाज सुनाई देती है और कुछ ही सेकेंड में स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस जगह दीवार गिरी, उसके ठीक नीचे छोटे बच्चे अपनी क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि पास के एक घर में मौजूद कुछ बच्चे मौसम बदलने और तेज आंधी का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर रहे थे। अचानक उनका कैमरा स्कूल की तरफ घूमता है और तभी एक ऊंची दीवार तेज हवाओं के बीच स्कूल की छत पर गिरती दिखाई देती है। वीडियो में बच्चे घबराकर कहते सुनाई देते हैं, “अरे स्कूल की छत पर दीवार गिर गई।” इसके बाद तेज धमाके की आवाज सुनाई देती है। वीडियो में घटना का पूरा मंजर कैद हो गया, जिसने स्कूल प्रबंधन और निर्माणाधीन मकान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यूकेजी क्लास की छत पर गिरी दीवार
जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। उस समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी और बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि स्कूल के साथ एक चार मंजिला मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी मकान की बड़ी दीवार तेज आंधी और हवा के दबाव के कारण अचानक स्कूल की छत पर आ गिरी। दीवार गिरते ही छत का एक हिस्सा टूट गया और भारी मलबा सीधे यूकेजी की कक्षा में बैठे मासूम बच्चों पर जा गिरा। हादसे के समय छोटे बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस दौरान क्लास में कोई टीचर मौजूद नहीं थी।
हादसे के समय स्कूल में करीब 150 बच्चे थे मौजूद
बताया जा रहा है कि हादसे के समय स्कूल में करीब 150 बच्चे मौजूद थे। घटना के बाद पूरे स्कूल को तुरंत खाली करा दिया गया। यूकेजी कक्षा के आसपास की अन्य कक्षाओं तक भी मलबा पहुंच गया था, जिसके चलते एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और शिक्षा विभाग कर रहा जांच
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। खेड़ी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन मकान के मालिक दीपांशु और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई। वहीं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत ढिल्लो ने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है, स्कूल से रिपोर्ट मांगी जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।