हरियाणा में बिखरी कांग्रेस को संगठित करना बड़ी चुनौती, दौरे पर निकलेंगे प्रदेश प्रभारी बंसल

punjabkesari.in Monday, Jan 18, 2021 - 04:25 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): क्षेत्रीय नेताओं की गुटबाजी का शिकार बन चुकी कांग्रेस को संगठित करना हाईकमान के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। यहां तक कि हाईकमान के आदेशों के बाद होने वाले विरोध प्रदर्शन भी एकजुट न होकर बल्कि अलग-अलग धड़ों में किया जाता हैं। इसी गुटबाजी के चलते अब तक कई नेता पार्टी को अलविदा कह चुके हैं। 

हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी को एक करने के लिए तकरीबन 6 महीने पहले पार्टी प्रदेश प्रभारी के रूप में विवेक बंसल को नियुक्त किया था, उस दौरान भी उन्होंने अपने बयान में गुटबाजी को खत्म करने पर कहा था कि  हर मजबूत पार्टी में गुटबाजी होती है, लेकिन यह गुटबाजी पार्टी को चोट न पहुंचाए यह सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा था कि संगठन को ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है।

हरियाणा में तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे विवेक बंसल
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मंगलवार से राज्य में तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान बंसल पार्टी के विभिन्न जिलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दरअसल, शुक्रवार को पार्टी हाईकमान के आदेशों पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को राजभवन का घेराव करने का कहा गया तो कांग्रेसी नेताओं ने चंडीगढ़ में राजभवन का घेराव के लिए मार्च तो शुरू किया परंतु इस दौरान हुड्डा गुट अलग नजर आया और सुरजेवाला को गुट अलग विरोध प्रदर्शन करता नजर आया। 

जहां हुड्डा के साथ किरण चौधरी, अन्य विधायक व तमाम कार्यकर्ता नजर आए। वहीं रणदीप सुरजेवाला के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा कुमारी सैलजा व कुछ अन्य नेता, कार्यकर्ता नजर आए। माना जा रहा है कि बीते शुक्रवार को चंडीगढ़ में मुखर रूप से नजर आई गुटबाजी के कारण ही हाई कमान ने विवेक बंसल को प्रदेश में दौरे करने के आदेश दिए हैं।

इस प्रकार होगा बंसल का दौरा कार्यक्रम
बंसल का दौरा कार्यक्रम 19 से 21 जनवरी तक चलेगा। 
19 जनवरी: सुबह 11:30 बजे, अग्रवाल भवन सेक्टर-24, पानीपत में कार्यकर्ताओं से मुलाकात।
20 जनवरी: सुबह 9:15 बजे कर्ण लेक, करनाल में स्थानीय पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात।
21 जनवरी: सुबह 10 बजे कुरूक्षेत्र के कांग्रेसजनों से जिला कांग्रेस भवन, कुरूक्षेत्र में मुलाकात।

इस बारे में डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि 19, 20 व 21 जनवरी को पानीपत, करनाल व कुरूक्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकत करने के पश्चात विवेक बंसल दिल्ली लौट जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static