फरीदाबाद में हैवानियत: 12 से ज्यादा बदमाशों ने युवक को बेरहमी से पीटा, वारदात CCTV में कैद
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 12:03 PM (IST)
फरीदाबाद: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक और खौफनाक वारदात सामने आई है। शहर की डबुआ कॉलोनी में स्थित मस्जिद के पास देर रात एक दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को हथौड़ों और डंडों से बेरहमी से पीटा। यह पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक देर रात डबुआ कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास से गुजर रहा था। तभी अचानक 12 से भी ज्यादा हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर हथौड़ों और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों में हमले का पूरा वाकया रिकॉर्ड हो गया है, जिसमें हमलावरों की हैवानियत साफ दिखाई दे रही है।
पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मारपीट के कारणों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।