ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था युवक, फरीदाबाद के मलेना रोड पर हुआ ऐसा हादसा कि चली गई जान; परिवार में पसर गया मातम
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 11:30 AM (IST)
बल्लभगढ़ (अनिल राठी) : बल्लभगढ़ के मलेना रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक आरिफ की मौत हो गई। हादसा शाम करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच हुआ, जब आरिफ अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रैक्टर की टक्कर लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया और ट्रैक्टर के नीचे आने से उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक आरिफ की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। वह मलेना रोड क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया है। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।