पलवल में सनसनीखेज वारदात...गोली मारकर किसान की हत्या, खेत में इस हाल में मिला शव; मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 10:59 AM (IST)
पलवल ( गुरदत्ता गर्ग) : पलवल जिले में अपराध का ग्राफ एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। खेतों में काम कर रहे एक किसान की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई संदिग्धों से पूछताछ की है था कई को हिरासत में भी लिया है।
जानकारी के अनुसार, अलावलपुर गांव निवासी 50 वर्षीय लक्ष्मण सिंह गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अपने खेत पर गया था। बताया गया है कि उसके साथ खेतों में काम करने वाला एक सहायक, गांव का एक पड़ोसी तथा कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। सभी ने खेत पर बने कोठड़े में होटल से खाना मंगवाकर खाया था। देर शाम सभी ने मिलकर शराब भी पी थी।
शुक्रवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि लक्ष्मण सिंह खोर के नंगला से बढराम की ओर जा रहे खेत के रास्ते में मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसके सीने पर गोली लगने का निशान देखा। छाती और कान के पास खून लगा हुआ था, जबकि पैरों पर भी चोट के निशान बताए गए हैं।
घटनास्थल पर पुलिस को शव के पास एक महिला का आधार कार्ड भी मिला है। पुलिस ने फोरेंसिक विशेषज्ञ टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने रामसखी नाम की महिला सहित कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गोली सीने पर बेहद नजदीक से मारे जाने की प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और गोली लगने की स्थिति की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है। उधर, मृतक के परिजन विजय सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि हत्याकांड के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर वास्तविक आरोपियों तक पहुंचने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।