बाल-बाल बचा परिवार: नहाने की जगह पर बैठा मिला 10 फीट का अजगर, देखते ही चीख पड़े घरवाले
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 07:57 AM (IST)
फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद के भाकरी गांव में एक घर के अंदर करीब 10 फीट लंबा अजगर मिलने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। अजगर घर की सीढ़ियों के पास ऐसी जगह पर बैठा था, जिस जगह को घर के सदस्य नहाने के प्रयोग में लगाते है। शाम के समय अचानक अजगर पर नजर पड़ते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। गनीमत रही कि किसी सदस्य का उससे सामना नहीं हुआ और कोई अनहोनी नहीं हुई।
भाकरी निवासी जीतू ने बताया कि शाम के समय परिवार के सदस्यों ने घर में अजगर को देखा। शुरुआत में अचानक सामने आए इतने बड़े सांप को देखकर किसी को समझ नहीं आया कि क्या किया जाए। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घर के अंदर अजगर होने की सूचना से आसपास रहने वाले लोग भी सतर्क हो गए।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वन विभाग को सूचना देकर अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए टीम भेजने की मांग की गई। स्थानीय लोगों का कहना था कि आबादी के बीच इतने बड़े वन्यजीव का पहुंचना लोगों की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। सूचना मिलने के काफी समय बाद रात करीब 10 बजे वन विभाग की टीम गांव पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ लिया।
अरावली से आबादी में पहुंचा अजगर
वन विभाग के इंस्पेक्टर हंसराज ने बताया कि भाकरी गांव अरावली क्षेत्र के नजदीक बसा हुआ है। जंगल से निकलकर अजगर रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार अजगर को पकड़ने के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।