पानीपत: दो महीने पहले मारपीट में घायल शेखर ने तोड़ा दम, परिजनों ने सचिवालय के बाहर शव रखकर किया प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 03:39 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा ) : पानीपत में मारपीट में घायल हुए शेखर नाम के युवक की इलाज के दौरान करीब दो महीने बाद मौत हुई। युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिवार के लोगों ने शव को  सचिवालय के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। प्रदर्शन स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।

जानकारी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले गांव में पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान शेखर के साथ गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की थी। आरोप है कि इस हमले में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसका इलाज चल रहा था, लेकिन आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।शेखर की मौत के बाद परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि मारपीट की इस घटना में पांच लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने अभी तक सिर्फ दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी राजवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हमने इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और दो अन्य को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि हम लगातार आरोपियों को पकड़ने में लगे हुए हैं। परिवार के साथ खड़े हुए हैं। वहीं उन्होंने परिवार के आरोपी को निराधार बताते हुए कहा कि हमने किसी भी गाड़ी को रास्ते में नहीं रोका। फिलहाल सचिवालय के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, वहीं परिवार शेखर के लिए न्याय की मांग कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static