Para Asian Championships: हरियाणा के छोरे ने गाड़ दिया लठ, पैरा तीरंदाज हरविंदर सिंह ने जीते दो स्वर्ण और एक रजत
punjabkesari.in Sunday, Jul 06, 2025 - 07:31 PM (IST)

डेस्कः चीन के बीजिंग में 1 से 6 जुलाई 2025 तक पैरा एशियन आर्चरी चैंपियनशिप में आयोजन किया गया है। इस चैंपियनशिप में हरियाणा के पैरा तीरंदाज हरविंदर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत सहित तीन पदक जीते। इस प्रतियोगिता में एशिया के कई देशों के तीरंदाज शामिल थे।
हरविंदर ने व्यक्तिगत रिकर्व ओपन स्पर्धा के फाइनल में थाईलैंड के नेटसिरी को 7-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मिक्स्ड टीम इवेंट में हरियाणा की भावना के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने चीन की टीम को 5-4 से पराजित करते हुए दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरुष टीम स्पर्धा में भारतीय टीम को चीन के हाथों 4-5 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
हरविंदर के कोच ने बताया कि बीजिंग में हरविंदर ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का बेजोड़ प्रदर्शन किया। व्यक्तिगत और टीम दोनों स्पर्धाओं में उन्होंने बेहतरीन निशानेबाजी कर भारत का नाम रोशन किया। उल्लेखनीय है कि हरविंदर ने 2024 में फ्रांस के पेरिस पैरालंपिक खेलों में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। फाइनल में उन्होंने पोलैंड के लुकास सिसजेक को सीधे सेटों में हराया था, जिसमें उन्होंने चार बार लक्ष्य के केंद्र को भेदते हुए भारत का पहला पैरालंपिक तीरंदाजी स्वर्ण पदक हासिल किया।
हरविंदर की इस सफलता ने न केवल उनके गृहनगर कैथल बल्कि पूरे देश को गर्व से भर दिया है। उनकी मेहनत और समर्पण युवा तीरंदाजों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। स्थानीय निवासी और खेल प्रेमी उनकी उपलब्धियों की भरपूर सराहना कर रहे हैं और भविष्य में उनसे और भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)