नेशनल हाईवे पर चलती स्कॉर्पियो में स्टंटबाजी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने काटा ₹17,500 का चालान

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 03:55 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के नेशनल हाईवे पर देर रात कुछ युवक स्कॉर्पियो गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दिए। स्टंटबाजी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

वीडियो में युवक चलती गाड़ी से बाहर लटककर अपनी जान के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को भी खतरे में डालते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर स्कॉर्पियो वाहन के खिलाफ 17 हजार 500 रुपये का चालान किया है। 

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर स्टंटबाजी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी तथा दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static