शाहाबाद में माइनिंग कारोबारी पर हमले की साजिश का खुलासा, जीजा-साले समेत चार आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 04:04 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : शाहाबाद में माइनिंग कारोबारी सुनील भाटिया उर्फ बंटी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस द्वारा करवाई गई शिनाख्त परेड में घायल कारोबारी ने दोनों शूटरों की पहचान कर ली है। जांच में सामने आया है कि हमले की साजिश कारोबारी प्रतिद्वंद्विता के चलते मुख्य आरोपी रोबिन उर्फ मोनू और उसके जीजा विजय ने मिलकर रची थी।

सीआईए-2 की जांच के अनुसार करनाल जिले के बड़ोत निवासी अमन और राहुल को वारदात को अंजाम देने के लिए शाहाबाद बुलाया गया था। शिनाख्त परेड के दौरान सुनील भाटिया ने दोनों को हमलावर के रूप में पहचान लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आपस में मित्र हैं और उन्हें फायरिंग के लिए विशेष रूप से चुना गया था।

सीआईए-2 प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी रोबिन उर्फ मोनू शहजादपुर का रहने वाला है और वह भी मिट्टी व रेत के कारोबार से जुड़ा हुआ है। इसी कारोबार को लेकर उसका और सुनील भाटिया का लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते हमले की योजना बनाई गई, जिसमें उसका जीजा विजय भी शामिल था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले सुनील भाटिया की गतिविधियों, दिनचर्या और आने-जाने के रास्तों की रेकी करवाई गई थी। आरोपियों ने उसकी पहचान और ठिकानों की पूरी जानकारी जुटाई। रेकी के दौरान एक अलग मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया, जबकि हमले के दिन दूसरी मोटरसाइकिल लेकर आरोपी मौके पर पहुंचे थे।

जांच के अनुसार 31 मई को दोनों शूटर पहले से घटनास्थल पर मौजूद थे। उन्होंने मिट्टी डलवाने के बहाने सुनील भाटिया से बातचीत शुरू की। चूंकि वे उसे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे, इसलिए पहले उसका नाम पूछा और मोबाइल नंबर लेकर पहचान सुनिश्चित की। पहचान पक्की होने के बाद आरोपियों ने बातचीत समाप्त कर दी। जैसे ही सुनील भाटिया वहां से वापस मुड़ा, हमलावरों ने उसे दोबारा आवाज देकर बुलाया और पीछे मुड़ते ही ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में एक गोली उसकी जांघ में लगी जबकि दूसरी गोली गर्दन में जा फंसी।

इस बीच सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने संबंधी वायरल पोस्ट भी पुलिस जांच में फर्जी पाई गई है। पुलिस के अनुसार यह पोस्ट केवल जांच को भटकाने के उद्देश्य से प्रसारित की गई थी। अब यह भी जांच की जा रही है कि उक्त पोस्ट को किसने वायरल किया।

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रोबिन उर्फ मोनू, उसके जीजा विजय तथा दोनों शूटर अमन और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि साजिश, हथियारों की व्यवस्था और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static