कांग्रेस जिलाध्यक्षों को गुड़गांव पुलिस का नोटिस, जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 07:25 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव पुलिस ने कांग्रेस के जिलाध्यक्षों (शहरी व ग्रामीण) को नोटिस जारी किया है। कांग्रेस की तरफ से आज भाजपा कार्यालय गुरुकमल के बाहर सुंदरकांड का पाठ किया जाना था। पुलिस की मानें तो यह पाठ बिना किसी अनुमति प्राप्त किए किया जा रहा है। ऐसे में देर रात को नोटिस जारी कर पाठ करने से पूर्व इसकी अनुमति पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आपको बता दें कि सुंदरकांड पाठ को लेकर भाजपा और कांग्रेस में सियासी विवाद छिड़ा हुआ है। ऐसे में कांग्रेस ने आज गुरुकमल कार्यालय के बाहर एकत्र होकर सुंदरकांड पाठ किए जाने की घोषणा की थी। इस घोषणा को गुड़गांव पुलिस ने गंभीरता से लिया और सेक्टर-40 थाना पुलिस ने BNSS की धारा 169 के तहत कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव को नोटिस जारी किया है।

थाना प्रभारी द्वारा जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अयोध्या राम मंदिर में हुई चोरी का मुद्दा बनाकर वीडियो वायरल की गई है। इस वीडियो को लेकर गुड़गांव में भी कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारा मुद्दा बनाया जा रहा है और मंगलवार 14 जुलाई को भाजपा के गुरुकमल कार्यालय के बाहर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इससे आम जन को असुविधा हो सकती है। इस संबंध में आपके पास कोई भी सरकारी या गैर सरकारी अनुमति होना जरूरी है। यदि आपके द्वारा किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का कोई भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कार्य किया गया तो आपके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाईकी जाएगी। इसे अति आवश्यक समझा जाए। अब इस नोटिस ने राजनीतिक गलियारों की हलचल बढ़ा दी है। एक तरफ जहां कांग्रेस की तरफ से आज सुंदर कांड का पाठ किए जाने की तैयारी पूरी कर ली है वहीं, पुलिस ने भी गुरुकमल कार्यालय के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसबल को तैनात कर दिया है।