AIT चौक पर नहीं लगेगा जाम, ट्रैफिक पुलिस ने तैयार किया ये डायवर्जन प्लान
punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 09:17 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): शहर के व्यस्ततम चौराहों में से एक एआईटी चौक पर पीक आवर में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नया रूट प्लॉन तैयार किया है। बुधवार को पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलौत ने स्वयं मौके का निरीक्षण किया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस उपायुक्त यातायात ने 6 मई 2026 को एआईटी चौक का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि चौक पर बने गोलचक्कर पर सुबह और शाम के समय वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि आम नागरिकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने तत्काल प्रभाव से एआईटी चौक से वजीराबाद की ओर जाने वाले सीधे मार्ग को बंद करने का निर्णय लिया है। अब वाहन चालकों को निम्नलिखित मार्ग का पालन करना होगा। वजीराबाद जाने वाले वाहन: जिन चालकों को वजीराबाद की ओर जाना है, वे अब सीधे नहीं जा सकेंगे। वाहन चालकों को एआईटी चौक से सेक्टर 55-56 की ओर जाना होगा। करीब 50-60 मीटर आगे चलने के बाद दिए गए यू-टर्न से मुड़कर सर्विस रोड का प्रयोग करते हुए वजीराबाद की ओर जा सकेंगे।
गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस नए बदलाव को समझने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि सड़क पर अनुशासन बनाए रखने से ही सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। शहर में ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण और आवश्यक बदलाव जारी रहेंगे।