नशे की खेप पर खाकी का वार; स्विफ्ट कार में छिपाकर ले जाई रहा थी करोड़ों की हेरोइन...पुलिस ने दबोचा तस्कर

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 05:34 PM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : नशा मुक्ति अभियान के तहत नूंह पुलिस की अपराध जांच शाखा तावडू की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी की पहचान वाजिद उर्फ काला निवासी कोटला, थाना आकेड़ा, जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है।

जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, प्रभारी अपराध जांच शाखा तावडू के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वाजिद हेरोइन बेचने का काम करता है और हेरोइन लेकर पल्ला गांव होते हुए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज-नूंह रोड के रास्ते कोटला जाने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नल्हड़ रोड पर लाला अमरनाथ कॉलोनी के पास नाकाबंदी की। सुबह करीब 7:20 बजे नल्हड़ मेडिकल कॉलेज की तरफ से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार को लाला अमरनाथ कॉलोनी रोड की तरफ मोड़कर निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने सूझबूझ से उसे काबू कर लिया।

नियम अनुसार तलाशी लेने पर कार के हैंड ब्रेक के पास एक काली पॉलिथीन बरामद हुई। इसके अंदर 30 सफेद पॉलिथीन की पुड़िया में हेरोइन छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 1.597 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.15 करोड़ रुपये है।

इस संबंध में नूंह शहर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हेरोइन तस्करी के अलावा साल्हावास फरूखनगर, शहर रोहतक और सदर नूंह थाना क्षेत्रों में डंपर-हाइवा और ट्रक चोरी की चार वारदातों को अंजाम देने की बात भी कबूल की है।

पुलिस आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके।

एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि 17 से 23 अगस्त तक चलाए गए छह दिवसीय विशेष अभियान के दौरान जिले की अलग-अलग पुलिस टीमों ने 14 मामले दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी अभियान की कड़ी में पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static