हिसार में पुलिस और किसानों की भिड़ंत पर गर्माई राजनीति, अखिलेश-बीरेन्द्र समेत कई नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Sunday, May 16, 2021 - 11:47 PM (IST)

डेस्क: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा हिसार जिले में नवनिर्मित कोविड अस्पताल संजीवनी के उद्घाटन और किसानों द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर का विरोध करने के बीच हुई घटना ने देश-प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। कृषि कानूनों के विरोध में हरियाणा सरकार के मंत्रियों और विधायकों का प्रदेश में जगह-जगह विरोध हो रहा है, जिनमें किसान मुख्यमंत्री जैसे बड़े मंत्रियों और नेताओं पर फोकस कर रहे हैं।

हालांकि आज रविवार को हिसार में मुख्यमंत्री किसी रैली में नहीं बल्कि जनकल्याण के बनाई गई अस्पताल का उद्घाटन करने ही पहुंचे थे, लेकिन यहां किसानों ने उनका विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती बरती तो मामला दोनों तरफ से गरम पड़ गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच झड़प हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी और किसान भी घायल हुए हैं।

वहीं इस घटना के बाद कई राजनीतिक दिग्गजों ने इस पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। जहां एक चौधरी वीरेन्द्र सिंह ने मुद्दे की जड़ तक पहुंचने की बात कही है, वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लाठीचार्ज को शर्मनाक बताया है। इसके अलावा अभय चौटाला ने कहा कि सरकार का यह दुव्र्यवहार गठबंधन सरकार की नाकामियों को दर्शाता है। 



पूर्व केन्द्रीय मंत्री व भाजपा नेता चौधरी बीरेन्द्र सिंह ट्विटर पर लिखा, ' हिसार में हुए दुर्भाग्यपूर्ण प्रकरण की पुनावृति रोकने के लिए मुद्दे के जड़ में पहुँचने की ज़रूरत है। क्या तंत्र को दुबारा स्थापित करने के लिए सरकार को आगे बढ किसानो से बात नहीं करनी चाहिए? समाधान ढूँढने में अब और देर ना हो। इस दिशा में नए सिरे से प्रयास के लिए मैं प्रतिबद्ध हूँ।'

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हिसार में किसानों पर अहंकारी भाजपा सरकार का लाठीचार्ज बेहद शर्मनाक ही नहीं, घोर निंदनीय भी है। कोरोना के इस संकटकाल में भाजपा सरकार दिखावटी उद्घाटनों में उलझी है, जिसके कारण जनाक्रोश चरम पर है। शोक में उत्सव सिर्फ़ भाजपा ही मना सकती है।



अभय चौटाला ने कहा कि अन्नदाता के साथ सरकार का यह दुव्र्यवहार गठबंधन सरकार की नाकामियों को दर्शाता है। अपने हकों के लिए शांतिपूर्ण विरोध कर रहें किसानों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज निंदनीय है। सरकार यह ना भूलें कि लोकराज लोकलाज से चलता है ना की लाठियों गोलियों से।

वहीं किसान नेता चौ. राकेश टिकैत ने कहा कि हरियाणा सरकार को चेतना चाहते कि जितने लोग घायल हुए हैं उनका तुरंत उपचार कराया जाए गिरफ्तार किसानों को तुरंत रिहा किया जाए अन्यथा अंजाम भुगतने को तैयार रहे,महिलाओं के अपमान को हम भुला नहीं सकते,खट्टर सरकार सत्ता के नशे में चकनाचूर आने वाले समय में जवाब दिया जाएगा।



सीपीआईएम ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि एक बार फिर किसानों ने सीएम मनोहर लाल खट्टर के दौरे का विरोध किया और बदले में उन्हें पुलिस की लाठियां खानी पड़ी। सीएम के दौरे का विरोध कर रहे किसानों के ऊपर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले बरसाए.इस घटना ने एक बार फिर सरकार का किसान विरोधी चेहरा सामने ला दिया है।

कांग्रेस के नेता वे पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने हिसार प्रकरण पर कहा कि मुख्यमंत्री अहंकार से भरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में लॉकडाउन से पहले भी बहुत सारे उद्घाटन चंडीगढ़ में बैठकर ही वर्चुअल रूप से किए जाते थे तो अब लॉकडाउन में ऐसा क्यों नहीं किया जाता। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री क्यों हिसार पहुंचे? उन्होंने कहा कि पहले तो मुख्यमंत्री पर भी मामला दर्ज होना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static