PM नरेंद्र मोदी के जींद दौरे की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने 2 आईएएस व 4 एचसीएस अधिकारियों की लगाई ड्यूटी
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 08:36 PM (IST)
चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी):हरियाणा में 17 जुलाई को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियों को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने विशेष आदेश जारी करते हुए दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों और चार एचसीएस अधिकारियों को अस्थायी रूप से जींद में तैनात किया है।
मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी यश जुलका और विवेक आर्य के साथ एचसीएस अधिकारी जगदीप सिंह, मनीष कुमार लोहान, संजय बिश्नोई तथा राजेश खोथ को जींद भेजा गया है। ये सभी अधिकारी जिला उपायुक्त जींद के नियंत्रण में कार्य करेंगे और जिला प्रशासन की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न जिम्मेदारियां संभालेंगे।
जिला प्रशासन को मिलेगा अतिरिक्त प्रशासनिक सहयोग
सरकार का उद्देश्य प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करना है। अतिरिक्त अधिकारियों की तैनाती से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, जनसभा की व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुचारु बनाया जा सकेगा।मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुसार तैनात अधिकारी जिला उपायुक्त की मांग और जरूरत के अनुरूप अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाएंगे, ताकि कार्यक्रम के प्रत्येक पहलू पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिलेगी हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह परियोजना भारतीय रेलवे के हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। हाइड्रोजन आधारित रेल सेवा पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और आधुनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
जनसभा भी होगी आकर्षण का केंद्र
हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के साथ प्रधानमंत्री जींद में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि प्रधानमंत्री का दौरा पूरी तरह सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। प्रशासनिक अधिकारियों की अतिरिक्त तैनाती इसी व्यापक तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है।