प्रेरणा संस्था ने पत्रकार विनोद खुंगर और उनकी धर्मपत्नी को किया सम्मानित
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2020 - 06:40 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (विनोद खुंगर): कुरुक्षेत्र की प्रमुख समाजसेवी प्रेरणा संस्था एवं वर्षों से उत्तर भारत के विख्यात प्रेरणा वृद्धाश्रम के संस्थापक संचालक जयभगवान सिंगला अपनी धर्मपत्नी आशा सिंगला एवं संस्था के अन्य सदस्यों के साथ बिना किसी पूर्व सूचना के बुधवार को लायल पुर बस्ती स्थित पत्रकार विनोद खुंगर के निवास स्थान पर पहुंचे और उन्हें तथा उनकी धर्मपत्नी रीटा खुंगर को विधिवत शाल डाल कर व सम्मान पत्र देते हुए सम्मानित किया।
जयभगवान सिंगला ने बताया कि विनोद खुंगर तथा उनका परिवार वर्षों से संस्था एवं वृद्धाश्रम का सहयोग कर रहा है। उन्होंने निस्वार्थ भाव से संस्था के प्रचार कार्य को किया है। आज प्रेरणा वृद्धाश्रम का नाम अपनी गतिविधियों एवं वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को उच्च कोटि की सेवाएं देने के कारण फाइव स्टार वृद्धाश्रम के रूप में विख्यात हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रेरणा वृद्धाश्रम में अपने परिवारों द्वारा ठुकराए गए वृद्धों की अपनत्व के साथ संस्था के सदस्यों की सेवा ही नहीं की जाती बल्कि भारतीय संस्कृति के सभी होली, दीपावली, बैसाखी, जन्माष्टमी, रक्षा बंधन इत्यादि त्यौहार भी आश्रम के बुजुर्गों के साथ परिवार की भांति मनाये जाते हैं। सिंगला ने बताया कि वृद्धाश्रम के प्रचार के कारण ही देश विदेश में रह रहे बहुत से बेटे बेटियों ने पुन: अपने माँ व पिता को अपनाया है तथा घर वापिस लेकर गए हैं।
उन्होंने बताया कि विनोद खुंगर ने प्रेरणा संस्था के प्रचार का कार्य निस्वार्थ भाव से करने के साथ लॉकडाउन, कोविड 19 के सहयोग कार्यों व कुरुक्षेत्र आई बाढ़ में खाद्य सामग्री इत्यादि बांटने में पूरा सहयोग किया है। सिंगला ने कहाकि विनोद खुंगर व उनके परिवार संस्था के लिए पीछे रहकर सहयोग करने के लिए उन्हें संस्था के सदस्यों ने घर आकर ही सम्मानित करने का निर्णय लिया है। प्रेरणा की अध्यक्षा रेणू खुंगर ने भी विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डा. केवल कृष्ण, सुनील कुमार, डा. मधु मल्होत्रा, अन्नपूर्णा शर्मा, कांता रानी व यशिता इत्यादि भी मौजूद थे।