जनगणना कार्य करने का बनाया जा रहा था दबाव, फरीदाबाद में महिला ने उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 03:52 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद में जनगणना ड्यूटी को लेकर एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-62 आशियाना फ्लैट निवासी महिला ने नगर निगम कर्मचारियों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि महिला ब्यूटी पार्लर का काम करती है। कुछ समय पहले एक परिचित ने उन्हें जनगणना कार्य में अस्थायी ड्यूटी और अच्छे वेतन का लालच देकर आवेदन करवाया था। महिला ने निगम कार्यालय में दस्तावेज जमा किए और एनआईटी क्षेत्र के एक स्कूल में तीन दिन की ट्रेनिंग भी ली।आरोप है कि ट्रेनिंग के दौरान महिला को पता चला कि काम की शर्तें और भुगतान पहले दी गई जानकारी से अलग हैं। जब महिला ने काम करने से इनकार किया तो कथित तौर पर नगर निगम से जुड़े कुछ लोग लगातार फोन कर ड्यूटी ज्वाइन करने का दबाव बनाने लगे।
परिवार का आरोप है कि महिला को कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी भी दी गई, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में आ गई। इसी तनाव में महिला ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन महिला को तुरंत सेक्टर-62 के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।