सोनीपत जेल में बंद कैदी ने दी अपनी जान, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप... मर्डर मामले में जेल में बंद था मृतक

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 04:53 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक) : सोनीपत जिला जेल से बड़ी खबर सामने आई है।यहां हत्या के मामले में बंद एक बंदी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। 

मृतक की पहचान गांव खंदराई निवासी विनोद के रूप में हुई है।  विनोद अपने चचेरे भाई सोमबीर की हत्या के आरोप में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह जुलाई 2026 से जेल में था। मृतक हवालाती शादीशुदा था। उसके दो बच्चे थे।वहीं,परिजनों ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद मौत की असल वजह साफ हो पाएगी। मृतक के मामा ने बताया कि कल ही विनोद से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान उसने सब कुछ ठीक बताया था और अब इस घटना पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है और उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि विनोद ऐसा कदम उठा सकता है।फिलहाल कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

वहीं मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी परविंदर कुमार ने बताया कि जेल में फांसी का फंदा लगाकर बंदी के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भिजवाया जहां से खानपुर मेडिकल कॉलेज शव को भिजवाया गया है जहां बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static