रोडवेज की लापरवाही या प्राइवेट बसों की गुंडागर्दी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 04:14 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा रोडवेज के बस डिपो में इन दिनों प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी चल रही है। यह बस संचालक न तो रोडवेज अधिकारियों को अपने परमिट और टाइम टेबल उपलब्ध करा रहे हैं बल्कि यहां बस चालकों द्वारा आतंक का माहौल बनाया हुआ है जिससे सवारियों की भी जान आफत में आई हुई है। बस चालकों द्वारा अपने मनमाने ढंग से बस चलाने, बीच रास्ते में ही बस रोक कर सवारियों को बैठाने और उतारने के कारण न केवल बस अड्डे का माहौल बिगड़ रहा है बल्कि ट्रैफिक जाम का भी एक बड़ा कारण यह प्राइवेट बस चालक बन रहे हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो विभाग की तरफ से गुड़गांव डिपो के लिए महज 18 परमिट विभिन्न रूटों पर प्राइवेट बस संचालकों को दिए जाने की जानकारी उनके पास है, लेकिन गुड़गांव में हरियाणा रोडवेज के बस डिपो से रोजाना सैकड़ों की संख्या में प्राइवेट बस चल रही है। इनके द्वारा महज कुछ ही बसों की अड्डा फीस दी गई है। इन प्राइवेट बस चालकों की मनमानी के कारण रोडवेज को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है।
वहीं, रोडवेज के सीआई दुलीचंद ने बताया कि हाल ही में रोडवेज गुड़गांव डिपो की महाप्रबंधक ने प्राइवेट बस संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें अपनी बसों के परमिट, टाइम टेबल दो दिन में जमा कराने के लिए कहा था, लेकिन पांच दिन का समय बीत जाने के बाद भी यह बस संचालक यह दस्तावेज नहीं दे पाए। अभी भी यह बस चालक अधिकारियों से समय मांग रहे हैं। ऐसे में साफ है कि यहां अवैध रूप से बसें चल रही हैं। अब जल्द ही इन बसों को डिपो से बाहर का रास्ता दिखाने के साथ ही आरटीए गुड़गांव को भी कहा जाएगा कि वह इन बसों को जब्त करने की कार्रवाई करें।
उन्होंने बताया कि इन प्राइवेट बस चालकों की यह भी शिकायत आ रही है कि वह बस अड्डे में आने-जाने वाले यात्रियों के सामने से अचानक बस घुमा देते हैं और कई बार बड़ा हादसा होते-होते बचा है। इस पर भी कार्रवाई करने के लिए तैयारी की जा रही है।