राजस्थान रोडवेज की चलती बस से जेवरात चुराए, एक आरोपी मौके से धरा
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 10:58 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-37 एरिया में नरसिंहपुर फुटओवर ब्रिज के पास राजस्थान रोडवेज की चलती बस में एक परिवार की ज्वैलरी का बैग चोरी हो गया। इस दौरान एक लडक़ी ने शोर मचाया तो बस से उतरकर तीन युवक भाग खड़े हुए। सवारियों ने पीछा करके एक युवक को पकड़ लिया। जबकि दो युवक बैग लेकर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सवारियों द्वारा पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में महाराष्ट्र के पुणे निवासी शिव कुमार ने बताया कि वह किलोस्कर फिरोज कंपनी में कांट्रैक्टर है। 17 फरवरी को वह पुणे से अपनी पत्नी शकुंतला, बेटे लक्ष्मीनारायण, बेटी साक्षी और पिता के साथ रेवाड़ी के बावल में सगाई समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। वे 18 फरवरी की सुबह सराय काले खां बस स्टैंड से सीकर डिपो की राजस्थान रोडवेज की बस में बावल जाने के लिए सवार हुए। सामान अधिक होने के कारण उन्होंने अपने बैग आदि ड्राइवर केबिन के पास रख दिए। गुरुग्राम के राजीव चौक पर बस में तीन युवक सवार हुए। बस जब नरसिंहपुर वाले पुल के पास पहुंची तो एक युवक ने उनके बैग में से ज्वैलरी का डिब्बा निकाल लिया।
ज्वैलरी बॉक्स में लगभग 4 तोले का एक मंगलसूत्र, सोने का एक सेट कान के झुमके थे। उनकी बेटी साक्षी को चोरी होने का अंदेशा हुआ तो उसने शोर मचा दिया। इतने में ही दो युवक बस से कूदकर भाग गए। जबकि शिव कुमार ने अन्य सवारियों की मदद से एक युवक को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान रोहतक के महम निवासी बिजेंदर उर्फ मुन्ना के रूप में हुई। जांच अधिकारी निशांत के मुताबिक जब वे मौके पर पहुंचे तो शिकायतकर्ता ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश में जुटी है।