सिंगर से ''हीरो'' बनने के सफर पर निकले दिलेर मेहंदी, खास बातचीत में बॉलीवुड और सियासत में एंट्री पर कह दी बड़ी बात

punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2024 - 07:42 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्र शेखर धरणी): गायन और अभिनय की दुनिया में एक बड़ा नाम दिलेर मेहंदी हैं, जिन्होंने अपने कई गानों के दम पर लोगों को नाचने और ठुमके लगाने पर मजबूर किया। लगातार कई फिल्मों में बड़े चेहरों के साथ काम कर चुके दिलेर मेहंदी ने पंजाब केसरी से अपने अतीत और भविष्य के बारे में विस्तार से चर्चा की। उनके अमेरिका में रहने के दौरान उनके जीवन तथा हिंदुस्तान में आकर के संघर्ष को लेकर उन्होंने बातें सांझा की। फिलहाल वह कौन-कौन सी फिल्में और गाने बनाने वाले हैं और भविष्य को लेकर उनका प्लान क्या है, इसके अलावा बहुत से महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। जिसके अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं।

प्रश्न:- अमेरिका के आनंदमय जीवन से भारत में संघर्ष की शुरुआत के क्या कारण रहे ?

उत्तर:- मेरी उम्र छोटी सी थी और मेरे दो भाई अमेरिका में ही थे। वहां मैं भी 2 साल तक रहा और बहुत अच्छा समय गुजरा। शुक्रवार -शनिवार और रविवार को शो करते थे, गाने गाते थे, फारसी और उर्दू में गजलें गाते थे। लोगों ने बहुत दिल खोलकर स्वागत किया सम्मान दिया और सोमवार से वीरवार तक अपनी कंपनी खालसा कैब की गाड़ी चलाते थे। बहुत मजे से जीवन गुजर रहा था। लेकिन मन मे जोश और शौक था कि सिंगिंग की दुनिया में कुछ बड़ा करना है। बड़े-बड़े कलाकारों को शो करते देखता था तो तकलीफ होती थी कि मैं भी इनकी तरह कुछ करूं। अपना नाम करने की चाहत थी और यह भारत से ही  संभव हो सकता था। इसलिए 1991 में भारत आ गया। 1 साल तक यहां पर संघर्ष किया। फन के माध्यम से दिल्ली में एक अच्छी जगह बनाई।

प्रश्न:- गायकी के प्रति झुकाव का मूल कारण क्या था, क्या पहले भी परिवार का कोई गायकी से संबंध रहा है?

उत्तर:- दादा परिवार की तरफ से सात तथा नाना परिवार की तरफ से 17 पीडिया गायकी से जुड़ी रही है। छठे गुरु महाराज गुरु हरगोबिंद साहब जब अमृतसर में थे तो हमारी 17वीं पीढ़ी कीर्तन किया करती थी। इसलिए म्यूजिक ब्लड में है। लेकिन नाम कमाना एक मोटिव था और इसी इंडस्ट्री में आकर नाम कमाने की मेरी चाहत थी। जो प्रभु ने पूरी की। इसके लिए उनका बहुत-बहुत धन्यवाद।

प्रश्न:-आपका सुपरहिट गाना कौन सा रहा ?

उत्तर:- "बोलो तारा रा रा" मेरा बहुत हिट हुआ। हायो रब्बा जब इसमें ऐड किया तो इसे इतना पसंद किया गया कि जो हमारी सोच से भी परे था। सोचा ही नहीं था कि इतना बड़ा नाम इतनी जल्द हो जाएगा। यह सब गुरु नानक देव जी की कृपा है और माता बीबी बीरो जी का आशीर्वाद है। मैंने दिल्ली में माताजी के नाम पर एक गुरुद्वारा भी बना रखा है, जिसमें शाम को रोजाना 200 लोग लंगर छकते हैं। वहां मिस्सी परांठे बनाए जाते हैं। मेरा गाना सुनकर मुझे अमिताभ बच्चन जी ने भी काम करने के लिए बुलाया। अब नई फिल्म टी-सीरीज पर आ रही है और फिर से यह गाना रिकॉर्ड हुआ है। अब 27 साल बाद फिर से यह गाना लोगों के बीच होगा।

 प्रश्न:- शुरुआत में अमिताभ बच्चन जैसी शख्सियत के साथ काम करने में आपको कैसा महसूस हुआ था ?

 उत्तर:- अब भी वह सोच कर बहुत अच्छा लगता है। मैं अमिताभ बच्चन साहब का बहुत बड़ा फैन हूं। अभी उन्होंने एवरेस्ट मसाले पर शाहरुख खान के साथ जो ऐड की, उसमें वह इतने अच्छे लग रहे थे कि उन पर से नजर ही नहीं हट रही थी। मैं परमात्मा से दुआ करता हूं कि उन्हें लंबी उम्र और अच्छा स्वास्थ्य प्रदान करें। वह इस उम्र में भी इतने अच्छे से काम करते हैं, वह एक कमाल के आदमी है। उनका व्यवहार इतना अच्छा है कि उनके पास बैठकर बहुत खुशी महसूस होती है। तारा रा रा मेरा गाना बहुत हिट हुआ था, लेकिन अमिताभ बच्चन साहब ने अपने साथ जोड़कर मेरे नाम को चार चांद लगा दिए।

 प्रश्न:- हिंदुस्तान के दिल और धड़कन पंजाब के युवा नशे के चपेट में है, आप क्या संदेश देना चाहेंगे ?

 उत्तर:- देखकर बहुत तकलीफ और दुख होता है कि युवा अपने आपको और माता-पिता के सपनों को छोड़कर नशे की ओर चल पड़े हैं। यह देश और समाज की तरक्की के लिए नुकसानदायक है। माता-पिता के लिए इससे बड़ी तकलीफदायक कोई चीज नहीं हो सकती। मेरी नौजवानों से विनती है कि इससे दूर रहें। इससे कोई फायदा नहीं होगा। इसका 100% नुकसान ही है और सरकारों को भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

प्रश्न:- क्या अभिनय या गायकी में जाने की चाहत रखने वालों के लिए आपकी कोई गाइडलाइन है ?

उत्तर:- इसमें सबसे पहले कुछ करने का जजबा होना चाहिए। जब तक अंदर से यह जज्बा पैदा नहीं होगा आप आगे नहीं बढ़ सकते। ट्रेनिंग करवाने या कुछ और मदद करने से कुछ नहीं होगा। यह बाद की बातें हैं। सबसे पहले युवा में आत्मविश्वास हो और सोच अच्छी हो तो 1000 रास्ते खुल जाएंगे। मैं, मीका, कैलाश खेर और बहुत से ऐसे अच्छे सिंगर हैं जिन्होंने खुद ही मेहनत की, मन मे संकल्प किया और बाहर निकले। अपने आप सभी रास्ते खुलते चले गए।

प्रश्न :- मां सरस्वती की आपकी फील्ड में अपार कृपा होनी भी जरूरी होती है ?

उत्तर:- मेरी एक एल्बम है, जिसमें जज्बी साहब मैंने 32 रागों में गाई हुई है। जिन बच्चों को कोई गुरु नहीं मिल रहा वह यूट्यूब पर इस 32 रागों में जज्बी साहब को 40 दिन तक सुने अपने आप गुरु नानक साहब गायन का रास्ता खोल देंगे। रास्ता मिलना शुरू हो जाएगा। फिर लोग मिलने शुरू हो जाएंगे। लेकिन इससे पहले अंदर से अलख जगाने की जरूरत है।

प्रश्न :- सैकड़ों सालों बाद अयोध्या में राम मंदिर बनने को लेकर अपने विचार प्रकट करें ?

उत्तर:- यह बहुत बड़ी खुशी की बात है। हम खुद 35- 40 सालों से अपने बुजुर्गों से सुनते आ रहे थे। ऐसे बहुत से मंदिर हैं जैसे मथुरा का मंदिर जहां भगवान श्री कृष्ण पैदा हुए, वहां भी मस्जिद बना दी गई। बनारस में काशी विश्वनाथ पर महाराजा रणजीत सिंह ने 22 मन सोना चढ़ाया। गोल्डन टेंपल और मां ज्वाला माता पर भी 22-22 मन सोना महाराजा रणजीत सिंह ने चढ़ाया। मैं 2 साल तक काशी विश्वनाथ में रहा। एक दिन गली में गया तो देखा कि मस्जिद भी थी। पता चला कि पहले उसी जगह पर विश्वनाथ मंदिर था। ओर जो फिलहाल अब है उसके बारे में पता चला कि वह बाद में बनाया गया था। असली  मंदिर की जगह मस्जिद खड़ी कर दी गई। माता-पिता भी बताते थे कि पहले मंदिर था और मंदिर ही होना चाहिए। हमारे महाराज को भी कई बार अयोध्या में मंदिर की जगह खाली करवाने के लिए संदेश भिजवाया गया था और उस समय महाराज ने सैनिक भी भेजे थे। अब इतने लंबे समय के बाद यह मंदिर फिर से खड़ा हुआ है। इसलिए महाराज से प्रार्थना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अच्छे सेहत प्रदान करें। क्योंकि उनके कारण ही ऐसा संभव हो पाया है। उन्होंने जो बीड़ा उठाया वह पूरा कर दिखाया। उनके हाथ से यह शुभ काम हुआ वह बेहद भाग्यशाली हैं। हमें बहुत खुशी है कि आज भव्य राम मंदिर बन पाया है।

प्रश्न:- क्या दिलेर मेहंदी भविष्य में राजनीतिक पारी शुरू करते देखे जा सकते हैं ?

उत्तर:- मैं सभी को बहुत प्यार करता हूं। फिलहाल मेरी फिल्म वेलकम 3 आ रही है। जिसमें अक्षय कुमार- सुनील शेट्टी और संजय दत्त भी हैं। मैं एक हीरो के रूप में उसमें एक्ट कर रहा हूं। दिसंबर 2024 में यह रिलीज हो जाएगी और भी कई मूवी और गाने कर रहा हूं। मेरे भाई तरुण भंडारी जी बैठे हैं। इसलिए राजनीति में आने का रास्ता मेरे लिए कोई मुश्किल नहीं है। प्यार और पूजनीय बड़े भाई मनोहर लाल खट्टर साहब भी है इसलिए राजनीति में आने के लिए मेरा एक सेकंड लगेगा। लेकिन मैं अभी इनके आगे हाथ जोड़ रहा हूं कि मुझे म्यूजिक में कुछ करने दो। मैं हीरो बनने आया हूं पहले हीरो बन जाऊं फिर राजनीति में आकर देश की सेवा भी कर लूंगा। पहले चार-पांच साल तक यही काम करना चाहता हूं। बाकी बातें बाद में हैं।

प्रश्न:- यानि आपके वेलविशरों को अभी चार-पांच साल का इंतजार ओर करना पड़ेगा ?

उत्तर:- मेरे वेलविशर मेरे लिए प्रार्थना करें कि मैं उन्हें और अच्छे-अच्छे गाने सुनाउँ। उन्हें और खुशियां दूं। मैं दंगल दंगल- रंग दे बसंती जैसे मोटिवेशनल गाने गाना चाहता हूं जो युवाओं को प्रेरित करेंगे। पहले इस फील्ड में अच्छे काम कर लूं, फिर राजनीति में भी आ जाएंगे।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static