हरियाणा: अनिल विज के मिशन सीक्रेट ऑपरेशन बैटल अगेंस्ट ड्रग्स के तहत पूरे राज्य में छापेमारी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 14, 2021 - 08:33 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के गृह स्वास्थ्य निकाय मंत्री अनिल विज के दिशा निर्देश पर आज पूरे हरियाणा में नशाखोरी के खिलाफ हरियाणा पुलिस का विशेष अभियान चलाया गया। अनिल विज के मिशन सीक्रेट ऑपरेशन बैटल अगेंस्ट ड्रग्स की जानकारी पहले से किसी भी व्यक्ति और किसी भी जिले के पुलिस अधिकारी को पहले से नहीं थी। हरियाणा नारकोटिक्स ब्यूरो की पिछले दिनों हुई एक मीटिंग के बाद यह तय किया गया था कि एक ही दिन में पूरे हरियाणा में 22 जिलों के अंदर युद्ध स्तर पर सुबह 5:00 बजे से लेकर देर रात तक नशाखोरी के खिलाफ छापेमारी की जाए। इसके लिए हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज को अधिकृत किया गया था कि जिस दिन यह छापेमारी करनी है उसकी जानकारी वह स्वयं देंगे।

हरियाणा के अंदर नशाखोरी को लेकर अनिल विज जबसे गृह मंत्री बने हैं, तब से पहले दिन से ही चिंतित नजर आते हैं। अनिल विज जिनका ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ जाने के कारण 2 दिन पहले उनकी आंख की नस से रक्त बहने लगा था वह डॉक्टरों ने उन्हें पूर्णतया आराम की सलाह दी थी। पीजीआई चंडीगढ़ के अंदर आज उनकी आंख का उपचार भी किया गया। अनिल विज ने कल देर रात हरियाणा के गृह व स्वास्थ्य विभाग के एडिशनल चीफ सेक्टरी राजीव अरोड़ा को ही कहा कि 14 दिसंबर सुबह 5:00 बजे से पूरे हरियाणा में नशाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान हरियाणा पुलिस चलाएगी।

समाचार भेजे जाने तक हरियाणा में विभिन्न जिलों में 98 एफआईआर विभिन्न नशा विक्रेताओं के खिलाफ दर्ज हो चुकी है तथा ऑप्रेशन अभी भी जारी है। अनिल विज ने देर शाम मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के अंदर सुबह 5:00 बजे से लेकर अभी तक 442 पॉइंट्स पर 3315 कर्मचारियों ने 1169 जगह छापेमारी की है। अभी तक 100 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रदेश के जिले गुरुग्राम में 12, फरीदाबाद में 16, कुरुक्षेत्र में 2, पानीपत में 3, करनाल में 6, रोहतक में 5, झज्जर में 11, सोनीपत में 11, दादरी में 5, भिवानी में 3, हिसार में 5, जींद में 1, हांसी में 4, फतेहाबाद में 5, सिरसा में 10 लोगों को गिरफ्तारी पुलिस ने अभी तक की है।

अनिल विज ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के अंदर आज मारी गई छापेमारी में ओपियम 3.515 किलो, 20.034 ग्राम हीरोइन, 106.85 ग्राम पापी, हसक 13.91 किलोग्राम, गांजा 35.590 किलोग्राम और 20 इंजेक्शन विभिन्न जगहों से पुलिस ने बरामद किए हैं। अनिल विज ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की 7 टीम में 50 विभिन्न जगह पर पुलिस कर्मचारियों के साथ रेड में शामिल रही, जबकि एसटीएस की 8 टीमों में 68 पुलिस कर्मचारी 24 विभिन्न स्थानों पर छापामारी में लगे रहे।

हरियाणा में किसी भी सरकार के कार्यकाल में नशे के खिलाफ पूरे हरियाणा में सभी जिलों के अंदर पहली बार युद्ध स्तर पर इतना बड़ा ऑपरेशन चलाया गया है। हरियाणा के क्रय स्वास्थ्य व निकाय मंत्री अनिल विज का कहना है कि हरियाणा के साथ पड़ोसी राज्यों पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल की सीमाएं भी लगती हैं। सीमावर्ती एरिया में चौकसी के लिए पुलिस को सतर्क कर दिया गया है तथा किसी भी प्रकार का नशा हरियाणा में पड़ोसी राज्यों से ना आ पाए, इसके लिए भी सख्त कदम उठाए गए हैं। अनिल विज ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की नशे के खिलाफ छापामारी चलती रहेगी। अनिल विज ने कहा कि हरियाणा को नशा मुक्त करने के लिए उन्हें किसी भी प्रकार की कहीं भी कोई भी सख्ती करनी पड़ी तो वह अवश्य करेंगे।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Shivam

Recommended News

Related News

static