CM Flying Raid: SDM कार्यालय में नदारद मिले 4 कर्मचारी, लोगों ने टीम से की शिकायत
punjabkesari.in Thursday, Feb 01, 2024 - 08:47 AM (IST)
गन्नौर (कपिल शर्मा) : सीएम फ्लाइंग की टीम ने बुधवार को गन्नौर एसडीएम कार्यालय में छापा मारा। सीएम फ्लाइंग के निरीक्षक श्रवण सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने एसडीएम कार्यालय में पहुंचते ही कर्मचारियों की हाजरी की जांच की तो अधिकतर कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले, लेकिन कुछ ही देर बाद काफी कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंच गए, जबकि चार कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आए। टीम ने चारों नदारद कर्मचारियों के नाम आगामी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को भेज दिए। टीम ने एसडीएम कार्यालय में लगे सीसीटीवी फुटेज कैमरों की भी जांच की तो सभी 14 कैमरे चालू हालत में मिले। इसके बाद टीम आरसी व लाइसेंस शाखा में पहुंची तो वहां भी लाइसेंस क्लर्क ज्योति नदारद मिली। टीम लाइसेंस क्लर्क ज्योति के आने का इंतजार करती रही, लेकिन बाद में टीम को पता चला कि वह सोनीपत ट्रेनिंग पर गई हैं। जिस वजह से टीम आरसी व लाइसेंस से संबंधित रिकॉर्ड की जांच नहीं कर पाई।

जानकारी के मुताबिक सीएम फ्लाइंग को शिकायतें मिल रही थी कि गन्नौर एसडीएम डॉ. निर्मल नागर के गुड़गांव ट्रेनिंग पर जाने के बाद से एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे और न ही लोगों के काम कर रहे हैं। सूचना के बाद सीएम फ्लाइंग टीम मौके पर पहुंची तो मौके पर मौजूद लोगों ने भी उन्हें एसडीएम कार्यालय के कर्मचारियों की शिकायत दी। लोगों ने बताया कि वह एसडीएम कार्यालय में आरसी लेने के कई बार चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं, कर्मचारी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। लोगों ने बताया कि लाइसेंस क्लर्क ज्योति उन्हें आरसी के लिए बार-बार दौड़ाती हैं।
सीएम फ्लाइंग के डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि शिकायतें मिल रही थी कि गन्नौर, पानीपत व करनाल में एसडीएम के ट्रेनिंग पर जाने के बाद से एसडीएम कार्यालयों में कर्मचारी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं। जिस वजह से लोगों के काम नहीं हो पा रहे। शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने तीनों जगहों पर छापेमारी की है। गन्नौर में चार कर्मचारी गैर हाजिर मिले हैं जिनमें दो स्थाई व दो अस्थाई कर्मचारी हैं। छापेमारी में सामने आया है कि कर्मचारी लोगों के काम नहीं कर रहे हैं। टीम छापेमारी की रिपोर्ट तैयार कर आगामी कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को सौंप देगी।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)