PM मोदी के जींद दौरे की तैयारियों का 'राजेश खुल्लर ने लिया जायजा, अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 07:55 PM (IST)

 जींद/चंडीगढ़ (अमनदीप, धरणी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंडाल, मंच, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, वीआईपी प्रवेश, आमजन के बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

PunjabKesari

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वीआईपी के प्रवेश मार्ग, बैठने की व्यवस्था, मंच स्थल, ग्रीन जोन, सुरक्षा घेरा,  पार्किंग व्यवस्था तथा आमजन के लिए बनाए जाने वाले अलग-अलग सेक्टर की जानकारी ली। इसके अलावा कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों के लिए बनाए गए पार्किंग रूट और यातायात व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

गर्मी के मौसम को देखते हुए श्री खुल्लर ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल, पंखे, बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के पूरे रूट पर साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी कार्यक्रम के लिए लगाई गई है, वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। 

PunjabKesari

गौरतलब है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलेगी। यह हरियाणा और देश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री प्रदेश की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी करेंगे।
  
इस अवसर पर डीसी वैशाली शर्मा, आईजी कुलदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static