बिप्लब देब से मुलाकात के बाद बोले रणजीत सिंह चौटाला, गठबंधन टूटने के बाद भी स्थिर रहेगी सरकार

punjabkesari.in Sunday, Jun 11, 2023 - 05:29 PM (IST)

सिरसा (सतनाम सिंह) : हरियाणा में इन दिनों भाजपा-जजपा गठबंधन में दरार की चर्चा जोरों पर है। हालांकि शनिवार को हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने गठबंधन को आगे जारी रखने का इशारा किया है। लेकिन शुक्रवा और शनिवार को हरियाणा के 6 निर्दलीय विधायकों ने हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लब देव से मुलाकात की। रानियां के निर्दलीय विधायक और हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने भी शनिवार को बिप्लब देब से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद रणजीत सिंह चौटाला ने दावा किया है कि उनका समर्थन हरियाणा सरकार के साथ है। उन्होंने कहा सरकार के गठन के बाद से ही हम सरकार के साथ हैं। 

PunjabKesari

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने सिरसा आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जब 2019 में हरियाणा में भाजपा को पूर्ण समर्थन नहीं मिला था, उस समय भाजपा के 40 विधायक बने थे। 31 विधायक कांग्रेस के थे, जजपा के 10 विधायक थे जबकि 7 विधायक निर्दलीय बने थे। इसके साथ गोपाल कांडा और अभय चौटाला भी विधायक बने थे। रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि जब हरियाणा में भाजपा को सरकार बनाने के लिए समर्थन की जरूरत थी तभी सभी विधायकों ने भाजपा को समर्थन देकर सरकार बनवाई। इसके साथ ही जजपा के 10 विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़कर वे चुनाव जीतें थे इसलिए कांग्रेस में जाने का कोई मतलब नहीं था। 

मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि जिस दिन हरियाणा में चुनाव का नतीजा आया उसी दिन सभी निर्दलीय विधायकों ने बिना किसी कंडीशन के भाजपा को समर्थन दिया था। निर्दलीय विधायकों के समर्थन के बाद सरकार के पास 47 विधायक हो गए थे। उसके बाद जजपा ने भी अपने 10 विधायकों के समर्थन के बाद विधायकों की संख्या 57 हो गई और उसके बाद विधायक गोपाल कांडा ने भी अपना समर्थन दे दिया जिसके बाद विधायकों की संख्या 58 हो गई। सरकार के गठन के बाद से हम सरकार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि बलराज कुंडू के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। लेकिन अन्य 6 निर्दलीय विधायक सरकार के साथ हैं। गठबंधन टूटे तो भी सरकार के साथ हैं और अगर गठबंधन जारी रहे तो भी सरकार के साथ हैं। गठबंधन टूटने के बाद भी सरकार स्थिर रहेगी।  

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)     

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Saurabh Pal

Related News

static