Haryana में ग्रुप डी पदों की भर्ती प्रक्रिया हुई तेज, विभागों को डाटा देने की अंतिम चेतावनी...सरकार का कड़ा रुख
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 08:08 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सभी बोर्ड, निगमों, वैधानिक निकायों और सरकारी नियंत्रण वाली अन्य संस्थाओं में चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) के रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया है। इसके लिए मुख्य सचिव कार्यालय ने सभी विभागों से अपने अधीन आने वाली संस्थाओं में खाली पदों की विस्तृत जानकारी बार-बार मांगी है लेकिन कई विभागों के गंभीरता नहीं दिखाने पर नाराजगी जताई गई है।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को चार मई तक का अंतिम समय दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि - निर्धारित समय सीमा तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो यह मान लिया जाएगा कि संबंधित विभाग में कोई रिक्त पद नहीं है और इसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा दी जाएगी।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के माध्यम से की जाएगी, हालांकि चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पद इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किए गए हैं। इससे पहले 3 अप्रैल को भी सभी विभागों को निर्देश दिए गए थे और 10 अप्रैल तक डेटा भेजने की समय सीमा तय की गई थी, लेकिन कई विभागों ने अब तक जानकारी नहीं दी। मानव संसाधन विभाग की समीक्षा में सामने आया कि केवल कुछ ही संस्थाओं ने विवरण भेजा है।