HSSC Update: पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा में दौड़ खत्म होते ही स्क्रीन पर दिखेगा रिजल्ट, हिम्मत सिंह ने किया बड़ा एलान
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 10:49 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की शारीरिक पात्रता परीक्षा (पी.एस.टी.) में इस बार तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा है कि पी.एस.टी. के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी का प्रदर्शन रियल-टाइम में स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनी रहे। आयोग की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों की टाइमिंग इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली से रिकॉर्ड की जाएगी और जैसे ही कोई अभ्यर्थी रेस पूरी करेगा, उसका समय तत्काल स्क्रीन पर दिखाई देगा। इससे अभ्यर्थी स्वयं अपने प्रदर्शन की पुष्टि कर सकेंगे और परिणाम को लेकर किसी प्रकार की आशंका या भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी।
आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए तकनीक आधारित मॉनीटरिंग सिस्टम लागू किया गया है। इससे मानवीय हस्तक्षेप की संभावना कम होगी और सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर सुनिश्चित किया जा सकेगा। चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल भर्ती करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है जिस पर युवाओं को पूरा भरोसा हो। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में योग्यता की जीत और पारदर्शिता की पहचान सुनिश्चित करना आयोग की प्राथमिकता है।
युवाओं को मिलेगा तुरंत फीडबैकः नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को रेस समाप्त होने के बाद अपने प्रदर्शन की जानकारी के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उनका समय तुरंत डिजीटल स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा, जिससे वे उसी समय यह जान सकेंगे कि उन्होंने निर्धारित मानदंडों के अनुसार प्रदर्शन किया है या नहीं। विशेषज्ञों का मानना है कि रियल-टाइम डिस्प्ले सिस्टम से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और उम्मीदवारों का चयन प्रक्रिया पर विश्वास मजबूत होगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)