तेज अंधड़, बारिश व ओलावृष्टि से सहमा हरियाणा का ये जिला, किसानों की बढ़ी चिंता
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:49 PM (IST)
रेवाड़ी(महेंद्र भारती ): मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी के अनुसार बुधवार शाम को पूरे हरियाणा सहित रेवाड़ी में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज अंधड़, मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि दर्ज की गई। शाम करीब पांच बजे ही आसमान में घना अंधेरा छा गया, जिसके बाद कड़कड़ाती बिजली और तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। कुछ समय तक ओलावृष्टि भी होती रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेज बारिश, ओले और अंधेरे के बीच मौसम का रौद्र रूप सामने आया। अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया और कई क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस बारिश और ओलावृष्टि ने सबसे ज्यादा चिंता किसानों के लिए बढ़ा दी है। दक्षिण हरियाणा का ‘पीला सोना’ कही जाने वाली सरसों की फसल इस समय पूरी तरह पककर तैयार खड़ी है।
ऐसे में तेज अंधड़ और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही है। वहीं, तेज हवाओं और बारिश के चलते कई स्थानों पर नुकसान की खबरें भी सामने आ रही हैं। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन प्रशासन द्वारा बाद में ही किया जाएगा, लेकिन फिलहाल यह साफ है कि इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।