सड़क हादसे ने छीनी जिंदगी...नूंह में ट्रैक्टर की टक्कर से 6 बच्चों के पिता की मौत, बीमार ससुर को देखने जा रहा था

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 03:35 PM (IST)

नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव झिमरावट के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला पलवल के ढकलपुर गांव निवासी सरफराज पुत्र जाकिर के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ, जब सरफराज बाइक से अपनी ससुराल गांव कालाका जा रहा था। रास्ते में सामने से खेत से लौट रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से उसकी बाइक टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, सरफराज मलाई गांव स्थित एक मस्जिद में बच्चों को पढ़ाता था। बुधवार देर रात वह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर नूंह जिले के गांव कालेखेड़ा स्थित अपनी ससुराल के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि उसके ससुर की तबीयत खराब थी और वह उन्हें देखने के लिए जा रहा था। 

जैसे ही वह पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव झिमरावट के पास पहुंचा, इसी दौरान सामने से खेत में काम करके लौट रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से उसकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरफराज के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद वह सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार और ससुराल पक्ष में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि सरफराज शादीशुदा था और उसके छह बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटे और एक बेटी शामिल हैं। सरफराज की अचानक हुई मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जिस ससुर को देखने के लिए वह घर से निकला था, उनके पास पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे में उसकी जिंदगी खत्म हो गई। पिनगवां थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static