चालक की लापरवाही से हुआ सड़क हादसा, खतरे में आई 9 लोगों की जान(VIDEO)
punjabkesari.in Monday, Nov 04, 2019 - 10:13 AM (IST)
भिवानी (ब्यूरो) : हालुवास मोड़ के पास लोहारू मार्ग पर रविवार सुबह 2 गाडिय़ों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इसके चलते 4 लोग घायल हो गए। घायलों को लोगों की मदद से शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। फिलहाल घायलों की स्थिति सामान्य है। बताया जाता है कि दोनों गाडिय़ों में करीब एक दर्जन लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार एक आई-10 गाड़ी दिल्ली से राजस्थान की ओर जा रही थी तो एक होंडा सिटी गाड़ी पहाड़ी माता से दिल्ली की ओर जा रही थी।
जब ये दोनों गाडिय़ां शहर के नजदीक लोहारू रोड पर हालुवास मोड़ के पास पहुंची तो इन दोनों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई थी। इन दोनों गाडिय़ों की भिड़ंत का कारण होंडा सिटी के चालक को नींद आना बताया जा रहा है, जिसकी वजह से दोनों गाडिय़ों में सवार करीब 9 लोगों की जान पर बन आई।
यह बोला एक कार चालक
इस बारे में आई-10 कार चालक व घायल धीरज ने बताया वह अपने पिता व पिता के दोस्त को दिल्ली से राजस्थान की ओर लेकर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह लोहारू की ओर से आ रही होंडा सिटी गाड़ी ने उनकी गाड़ी को गलत साइड आते हुए टक्कर मार दी। इसके चलते वह बेहोश हो गया। उन्होंने बताया कि लोगों के मुताबिक होंडा सिटी के चालक को नींद आ गई जिसके चलते यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनके पिता मानिकचंद, पिता का दोस्त प्रदीप व वह स्वयं घायल हो गए। तीनों को घायल हालत में स्थानीय लोगों ने अस्पताल भर्ती करवाया। उन्होंने बताया कि अब उन तीनों की हालत में सुधार है। वहीं, दूसरी ओर पहाड़ी माता के दर्शन कर अतुल अपने परिवार के साथ होंडा सिटी गाड़ी में वापस दिल्ली जा रहे थे। हादसे में घायल अतुल ने बताया कि इस हादसे में वह भी बेहोश हो गया था। मगर उन्हें नहीं पता कि हादसा यह कैसे हुआ। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी में 2 महिला व उनके बच्चे भी साथ थे, लेकिन सभी ठीक हैं।