जुलाना में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 09:33 PM (IST)
जुलाना (विजेंद्र) : हाईवे 352 पर गोसाईं खेड़ा गांव के समीप बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार जींद के रोहतक रोड निवासी 38 वर्षीय मनोज कुमार किसी काम से जुलाना आया हुआ था। रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपनी बाइक पर जुलाना से जींद की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गोसाईं खेड़ा गांव के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मनोज कुमार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
.
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बाइक सड़क पर गिरी होने के कारण अन्य गुजरते वाहनों की चपेट में आने से मनोज कुमार को और भी गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई विनोद की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)