Road Accident ; जुलाना में अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार छात्राओं को रौंदा, 1 की मौत, 2 घायल
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 06:08 PM (IST)
जुलाना (विजेंद्र सिंह): जींद के जुलाना से गुजरने वाले NH -352 पर ब्राह्मणवास गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अज्ञात वाहन ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां 1 की मौत हो गई, वहीं 2 गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूटी पर 3 छात्रा (स्वीटी, मानसी और आंचल) जुलाना से राजकीय महिला कॉलेज लाखनमाजरा में पढ़ने के लिए जा रही थी। जब वह जुलाना से रोहतक रोड़ पर ब्राह्मणवास गांव के मोड़ पर पहुंची तो अज्ञात वाहन स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें दो छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
राहगीरों द्वारा घायल अवस्था में उन्हें जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए PGIMS रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां पर इलाज के दौरान स्वीटी की मौत हो गई, मृतक छात्र की पहचान स्वीटी वासी लजवाना खुर्द के तौर पर हुई है, वहीं छात्रा मानसी वासी गांव मालवी का PGIMS रोहतक में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जुलाना थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली थी कि स्वीटी नाम कि छात्रा अपनी सहेलियों के साथ स्कूटी पर सवार होकर जुलाना से राजकीय महिला कॉलेज लाखनमाजरा जा रही थी, जब वह ब्राह्मणवास गांव के मोड पर पहुंची तो अज्ञात वाहन ने उनको टक्कर मार दी।
इस दौरान हादसे में स्वीटी की मौत हो गई, वहीं छात्रा मानसी वासी गांव मालवी का PGIMS रोहतक में इलाज चल रहा है, जिस पर जुलाना पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)