भाजपा-जजपा राज में किसानों की मेहनत पर डाला जा रहा डाका : सुर्जेवाला

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2020 - 08:25 AM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल) : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुर्जेवाला ने कहा कि भाजपा-जजपा राज में किसानों की मेहनत पर डाका डाला जा रहा है। उनके लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) महज एक सपना बनकर रह गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला किसानों को एम.एस.पी. सुनिश्चित नहीं करवा सकते, तो पदों पर रहने का नैतिक अधिकार नहीं है और तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सभी इलाकों में धान, नरमा और बाकी फसलों के किसान सरकारी कुप्रबंधन और एम.एस.पी. पर खरीद न होने से पूरी तरह हताश व निराश होकर किसानों के लिए अति व्यस्तम समय होने के बावजूद प्रदेश के विभिन्न इलाकों में जाम, प्रदर्शन, बंद और आंदोलन करने पर मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि नरमा फसल का एम.एस.पी. 5725 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदा जाना चाहिए, लेकिन सरकारी एजैंसियों द्वारा बहानेबाजी और तकनीकी अड़चनें डालकर उसे एम.एस.पी. पर नहीं खरीदा जा रहा जिससे किसानों को केवल 4,900 रुपए से 5,120 रुपए प्रति क्विंटल मूल्य मिल रहा है। किसानों की जेब पर 600 से 800 रुपए प्रति क्विंटल डाके के लिए भाजपा-जजपा सरकार तथा उसकी गलत नीतियां जिम्मेदार हैं। सरकार ने वायदा किया था कि नरमा की खरीद के लिए कॉटन कार्पोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 40 खरीद केंद्र खोले जाएंगे, लेकिन पूरे प्रदेश में अभी तक केवल 17 सी.सी.आई. खरीद केंद्र खोले जाने की सूचना मिली है। 

धान का उठान नहीं होने से अटी पड़ी है मंडियां
सुर्जेवाला ने कहा कि धान का उठान न होने से मंडियां अटी पड़ी हैं और स्थान उपलब्ध न होने से फसल बाद में लाने को कहा जा रहा है। मैसेज और गेटपास न होने के नाम पर भी बहुत परेशान किया जा रहा है। सरकार की मंशा लगती है कि किसान को इतना परेशान किया जाए कि वह दुखी होकर धान ही न बोएं और सरकार को एम.एस.पी. देना ही न पड़े। वर्तमान सुस्त गति से धान की खरीद चलती रही तो लगता है कि अनेक इलाकों में सरकार अगले 6 महीने तक पूरा धान नहीं खरीद पाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Manisha rana

Recommended News

Related News

static