सरपंच की दबंगई ! लाइनमैन को दी गोली मारने की धमकी, विरोध में कर्मचारियों ने लगाया धरना

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 07:03 PM (IST)

सोनीपत (सन्नी मलिक): सोनीपत में कनेक्शन काटने पहुंची बिजली विभाग की टीम को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब तिहाड़ कलां गांव में कार्रवाई के दौरान सरपंच की दबंगई सामने आ गई। बिजली बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटा गया, तो सरपंच ने लाइनमैन को फोन पर गोली मारने की धमकी दे डाली। कॉल रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद मामला गरमा गया है और अब इस घटना के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भटगांव पावर हाउस पर धरना देकर विरोध किया, जहां सरपंच के खिलाफ कर्मचारियों ने सख्त कार्रवाई की मांग की। 

जानकारी के अनुसार सोनीपत के तिहाड़ कलां गांव में बिजली विभाग की टीम डिफॉल्टरों के कनेक्शन काटने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान गांव के सरपंच पवन समेत कई लोगों के बिजली कनेक्शन काटे गए। वहीं सरपंच पवन पर करीब 26 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था, जिसके चलते विभाग ने उनका कनेक्शन भी काट दिया।

आरोप है कि इस कार्रवाई से नाराज सरपंच ने लाइनमैन को फोन कर गालियां दीं और फिर उसे गोली मारने की धमकी दे डाली। इस पूरे मामले की कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिससे मामला और गरमा गया है। घटना के विरोध में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भटगांव पावर हाउस पर धरना प्रदर्शन किया और सरपंच के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पीड़ित लाइनमैन रमेश ने इस पूरे मामले की शिकायत थाने में दी है और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में क्या सख्त कदम उठाता है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static