Haryana: QR कोड स्कैन करते ही मोबाइल बनेगा टीचर; हर कठिन सवाल का मिलेगा वीडियो समाधान... जानें कैसे

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 06:02 PM (IST)

डेस्क:  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा तकनीकी बदलाव करते हुए स्मार्ट बुक्स (Smart Books) पेश की हैं। नए शैक्षणिक सत्र से लागू होने वाली इन किताबों में हर अध्याय और महत्वपूर्ण सवालों के साथ QR कोड प्रिंट किए गए हैं। इसका सीधा फायदा प्रदेश के उन लाखों विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्हें अक्सर कठिन सवालों के लिए महंगे ट्यूशन का सहारा लेना पड़ता था।

 
विद्यार्थियों को बस अपने मोबाइल के कैमरे या किसी भी स्कैनर ऐप से किताब में दिए गए QR कोड को स्कैन करना होगा। कोड स्कैन करते ही उस विषय से संबंधित विशेषज्ञ शिक्षक का वीडियो लेक्चर मोबाइल स्क्रीन पर प्ले हो जाएगा। गणित और विज्ञान जैसे विषयों के कठिन सूत्रों और प्रयोगों को वीडियो के जरिए स्टेप-बाय-स्टेप समझाया गया है। अब छात्र घर बैठे अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी टॉपिक को बार-बार देख और समझ सकते हैं।

 
हरियाणा बोर्ड के चेयरमैन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य 'रट्टा मार' शिक्षा प्रणाली को खत्म करना और छात्रों के कॉन्सेप्ट को स्पष्ट करना है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए यह 'डिजिटल टीचर' किसी वरदान से कम नहीं होगा, जहाँ कोचिंग सेंटर्स की कमी है। शिक्षकों का मानना है कि इससे कक्षा में पढ़ाई गई बातों का रिवीजन करना आसान होगा। वहीं अभिभावकों ने इसे एक क्रांतिकारी कदम बताया है, क्योंकि अब उन्हें बच्चों के होमवर्क और ट्यूशन के लिए अतिरिक्त खर्च की चिंता नहीं सताएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static