हरियाणा में रिश्वत लेते SDC रंगे हाथों काबू, 15 लाख रुपये के बिल पास करने के लिए मांगी घूस; ACB ने जाल बिछा कर ऐसे धरा
punjabkesari.in Friday, Nov 06, 2026 - 08:26 AM (IST)
जींद (अमनदीप पिलानिया) : जींद में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीसी धर्मवीर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ठेकेदार के 15 लाख रुपये के बकाया बिल पास करने की एवज में तीन प्रतिशत कमीशन के हिसाब से रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में एचकेआरएन के ग्रुप डी कर्मचारी की भूमिका भी सामने आई है। एसीबी ने आरोपी एसडीसी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव रामगढ़ निवासी प्रदीप कुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि वह पब्लिक हेल्थ विभाग में ठेकेदारी का काम करता है। पिछले दो साल से उसके डिवीजन नंबर दो में नौ लाख रुपये और डिवीजन नंबर एक में छह लाख रुपये के बिल बकाया थे। इन बिलों का भुगतान करवाने के लिए वह विभाग के एसडीसी धर्मवीर से मिला था। आरोप है कि धर्मवीर ने बिल पास करने की एवज में तीन प्रतिशत के हिसाब से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकॉर्डिंग भी कर ली थी।
500-500 रुपये के 30 नोट देकर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को 500-500 रुपये के 30 नोट दिए गए। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. सूर्या को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। इसके बाद टीम ने ट्रैप लगाकर एसडीसी धर्मवीर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए काबू कर लिया।
एचकेआरएन के कर्मचारी से भी हो रही पूछताछ
एंटी करप्शन ब्यूरो के निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि 15 लाख रुपये के बिल पास करने की एवज में पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीसी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में एचकेआरएन के ग्रुप डी कर्मचारी से भी रुपये बरामद हुए हैं। आरोप है कि कर्मचारी ने रुपये लेकर धर्मवीर को दिए थे। हालांकि, कर्मचारी का कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि रुपये किस काम के लिए दिए जा रहे हैं। मामले में उससे पूछताछ की जा रही है। एसीबी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी एसडीसी धर्मवीर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।