बहादुरगढ़ में खूनी खेल: छारा टोल के सिक्योरिटी ठेकेदार की गोलियां मारकर हत्या, भतीजा गंभीर रूप से घायल

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 12:38 PM (IST)

बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): बहादुरगढ़ के गांव छारा में दो पक्षों के बीच किसी बात पर हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान छारा टोल प्लाजा के सिक्योरिटी ठेकेदार की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भतीजा गोली लगने से घायल हुआ है। आसौदा थाना पुलिस ने घायल भतीजे की शिकायत पर 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या, जान से मारने का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है। पेशे से ठेकेदार नीरज ने छारा टोल पर सिक्योरिटी का ठेका ले रखा था। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे यह वारदात हुई। मामले में सामने आया है कि मृतक नीरज और उसके भतीजे को फोन करके आरोपी पक्ष ने बुलाया था। दोनों वहां गए तो झगड़ा हो गया। आरोप है कि तब नितेश ने कर्मा से पिस्तौल लेकर नीरज पर चार पांच गोलियां चलाई। मनजीत बचाने लगा तो उसके पांव पर भी गोली मारी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घायलों को रोहतक के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि 24 वर्षीय मनजीत का ईलाज जारी है। 

मृतक नीरज तीन बच्चों का पिता था। वारदात के बाद से परिजन आहत हैं, गांव में भी तनाव की स्थिति है। पुरानी रंजिश के चलते वारदात होने की बात सामने आई है। पुलिस को दी शिकायत में घायल मनजीत ने कहा है कि तीन-चार दिन पहले उसकी नितेश के साथ कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में नितेश जान से मारने की धमकी दे रहा था। यह बात मैंने अपने चाचा नीरज व अजय उर्फ बबलू को बताई थी। चाचा नीरज ने कहा था कि मैं नितेश को समझा दूंगा।

शनिवार रात करीब 12 बजे नितेश के साथी प्रमोद ने फोन कर चाचा को बात करने के लिए नितेश के घर बुलाया। हम हवं गए तो नितेश, उसका भाई योगेश, प्रमोद, रामबीर, सुनेहरा, जितेंद्र उर्फ कर्मा मिले। इसी दौरान आरोपियों ने गाली गलोच करते हुए हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मेरा दूसरा चाचा अजय उर्फ बबलू भी आ गया था। बचने के लिए भागने लगे तो नितेश ने हम पर गोलियां चला दी तथा जान से मारने की धमकी देकर चले गए। चाचा बबलू हम दोनों को कायनोस अस्पताल लेकर गया, जहां चाचा नीरज को मृत घोषित कर दिया गया। उधर, पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static