प्रतिदिन 6-7 घंटे सेल्फ स्टडी...बिना कोचिंग के 499 अंक लेकर 12वीं में टॉपर बनी दीपिका, IAS अधिकारी बनना है सपना...
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 08:01 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले के गांव जांट की बेटी दीपिका पुत्री अशोक मेघवाल ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में पूरे प्रदेश में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है। दीपिका ने 500 में से 499 अंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने दीपिका और उसके परिवार को बधाई देकर मिठाई खिलाई।
दीपिका के पिता अशोक मेघवाल सरकारी स्कूल में समाजशास्त्र के लेक्चरर हैं। उन्होंने बताया कि दीपिका शुरू से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर रही है। उसने बिना किसी कोचिंग के यह मुकाम हासिल किया। दीपिका प्रतिदिन 6 से 7 घंटे सेल्फ स्टडी करती थी और कठिन विषयों को समझने के लिए कई बार यूट्यूब का सहारा भी लेती थी।
.jpg)
दीपिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। उसने हिंदी, पॉलिटिकल साइंस और कंप्यूटर विषय में 100-100 अंक प्राप्त किए, जबकि अंग्रेजी में 99 अंक हासिल किए। उसकी इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है। दीपिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और अनुशासित दिनचर्या को दिया।
उसने कहा कि अगर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ पढ़ाई की जाए तो बिना कोचिंग भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। दीपिका का सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है। उसकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले में गर्व का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि दीपिका ने क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनने का काम किया है।
केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)