महिला सम्मेलन में सरकार पर जमकर बरसीं सैलजा व किरण, विधानसभा व लोकसभा चुनाव को लेकर दिए बड़े संकेत
punjabkesari.in Sunday, Dec 10, 2023 - 06:03 PM (IST)
 
            
            भिवानी(अशोक भारद्वाज): जिले में कांग्रेस पार्टी द्वारा महिला सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कांग्रेस पार्टी की दबंग नेत्री किरण चौधरी और कुमारी शैलजा ने शिरकत की। भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद रही कांग्रेस नेत्री श्रुति चौधरी व सविता मान सहित अनेक गणमान्य नेता भी मंच पर उपस्थित रहे।

महिला सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी और कांग्रेस नेत्री कुमारी शैलजा ने भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया। कुमारी सैलजा ने अपने संबोधन के दौरान किरण चौधरी की पुत्री को भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा से कांग्रेस पार्टी की भावी प्रत्यासी बताते हुए महिलाओं से समर्थन की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले दिनों में हरियाणा में एक यात्रा निकालने की बात कही है। उन्होंने कहा कांग्रेस की इस यात्रा को आपार जनसमर्थन मिलेगा। इस यात्रा में लोगों की भीड़ देख भाजपा-जजपा सरकार की नींव हिल जाएगी।
वहीं किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम आदमी की चिंता करती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने प्रलोभन देकर सत्ता हथियाई है, लोगों के साथ झूठे वादे किए हैं। उन्होंने कहा कि आज आम वर्ग बीजेपी सरकार से दुखी है, जो बीजेपी ने वादे किए थे वे केवल जुमले हैं। इसलिए जनता आने वाले 2024 में बीजेपी के झूठे वादों के प्रलोभन न आए। 2024 में हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

इसके साथ ही किरण चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आते ही हरियाणा में सिलेंडर ₹500 में मिलेगा और पेंशन ₹5100 की जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार और किसानों को सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में बीजेपी के बुरे हाल हो गए हैं और जिसके चलते भाजपा लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ना चाहती है। केंद्र सरकार की पीठ पर बैठ कर हरियाणा में भाजपा अपनी नैया पार करना चाहती है, लेकिन जनता बीजेपी के झूठे वादों को समझ चुकी है। अब वह उनके झठे वादों में नहीं आएगी।
कांग्रेस नेत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्राइम के क्षेत्र में हरियाणा प्रदेश आगे बढ़ रहा है। फौज में अग्निवीर की भर्ती कर युवाओं के साथ बड़ा मजाक बीजेपी कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने तीन राज्यों में कांग्रेस की हार पर बोलते हुए कहा कि इन राज्यों में कांग्रेस पार्टी द्वारा विश्लेषण किया जा रहा है, लेकिन हरियाणा में कांग्रेस की सरकार निश्चित तौर आ रही है।
उन्होंने कहा कि देश झूठ पर नहीं चलता, बल्कि विकास पर चलता है। लोग विकास चाहते हैं और यह विकास कांग्रेस पार्टी देने का काम करेगी। वहीं कृषि मंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी ने कहा कि कृषि मंत्री जेपी दलाल ने पहले किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया, उनको आतंकवादी तक ठहराया और अब बहन बेटियों के बारे में गलत बात बोल कर महिलाओं का अपमान किया है। किरण ने कहा कि बहन बेटियां सब की बराबर हैं। बहन बेटियों के बारे में गलत टिप्पणी करना कृषि मंत्री को शोभा नहीं देता। इसलिए उन्हें इस मंत्री पद छोड़ देना चाहिए।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


 
                     
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                             
                            