KU के हॉस्टल में सीनियर्स की खौफनाक ''शरारत'': जूनियर के कमरे में अनार बम जलाकर बाहर से लगाई कुंडी, सारा सामान खाक
punjabkesari.in Friday, Nov 13, 2026 - 03:25 PM (IST)
कुरुक्षेत्र(रणदीप): कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू) के देवीलाल बॉयज हॉस्टल में बुधवार रात करीब 10 बजे एक कमरे में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण हॉस्टल के ही दो सीनियर छात्रों द्वारा शरारत में कमरे के भीतर पटाखे (अनार बम) जलाना बताया जा रहा है। इस घटना में फाइन आर्ट्स के छात्र अर्जुन के कमरे का सारा सामान, कपड़े और महत्वपूर्ण असाइनमेंट जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय छात्र कमरे में मौजूद नहीं था।
जानकारी के अनुसार, फाइन आर्ट्स विभाग का छात्र अर्जुन रात करीब 10 बजे अपने कमरे को बाहर से कुंडी लगाकर मेस में डिनर करने गया था। इसी दौरान हॉस्टल में ही रहने वाले उसके दो सीनियर साथी (उदित और देवेंद्र, रूम नंबर 37 व 47) पटाखे लेकर उसके कमरे में दाखिल हुए। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि दोनों छात्रों ने कमरे के अंदर अनार बम जलाया और बाहर से कुंडी लगाकर वहां से निकल गए। पटाखे की चिंगारी से कमरे में आग भड़क उठी और देखते ही देखते अंदर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बॉयज हॉस्टल के चीफ वार्डन डॉ. जसबीर सिंह ने मौके का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। उन्होंने बताया कि फुटेज में दोनों आरोपी छात्रों की पहचान कर ली गई है। यह कृत्य आपसी रंजिश का नहीं बल्कि छात्रों की शरारत का नतीजा है, लेकिन नियमों के तहत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हॉस्टल और पीड़ित छात्र की संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी उन्हीं छात्रों से की जाएगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. कर्मवीर की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित कर दी है। इस कमेटी में देवीलाल हॉस्टल के दोनों वार्डन और दूसरे हॉस्टल के वार्डन डॉ. राजरतन को सदस्य बनाया गया है। कमेटी शाम तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आग की इस घटना में छात्र अर्जुन के फाइन आर्ट्स के प्रोजेक्ट्स और असाइनमेंट भी पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। इस पर चीफ वार्डन डॉ. जसबीर सिंह ने आश्वासन दिया है कि प्रशासन पूरी तरह पीड़ित छात्र के साथ है। उन्होंने इस संबंध में फाइन आर्ट्स विभाग के विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. गुरचरण सिंह से बात की है, ताकि छात्र को असाइनमेंट दोबारा जमा करने के लिए अतिरिक्त समय और हर संभव मदद मिल सके।