रेल यात्रियों को बड़ा झटका: दिल्ली कैंट स्टेशन पर 3 महीने नहीं रुकेंगी कई ट्रेनें, मुसाफिरों की बढ़ी टेंशन

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 10:09 AM (IST)

महेंद्रगढ़: दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने और वहां चल रहे बड़े निर्माण कार्य के मद्देनजर रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत आगामी 3 महीनों तक कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव (Stoppage) दिल्ली कैंट स्टेशन पर अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। स्टेशन के री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के कारण ट्रेनों के शेड्यूल और ठहराव में यह बदलाव किया गया है, जिसका सीधा असर हरियाणा और राजस्थान के रेल यात्रियों पर पड़ने वाला है।  


महेंद्रगढ़ और दक्षिणी हरियाणा के यात्रियों पर सबसे ज्यादा मार
इस फैसले से महेंद्रगढ़ जिले सहित रेवाड़ी और नारनौल क्षेत्र के उन हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है जो रोजाना या साप्ताहिक तौर पर दिल्ली का सफर करते हैं। महेंद्रगढ़ रूट से दिल्ली कैंट होकर गुजरने वाली दैनिक एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों के पहिए अब कैंट स्टेशन पर नहीं थमेंगे।   खासकर नौकरीपेशा लोग, सेना के जवान, छात्र और व्यापारी जो दिल्ली कैंट को मुख्य पड़ाव मानते थे, उन्हें अब भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

अब सराय रोहिल्ला या पुरानी दिल्ली जाना होगा
कैंट स्टेशन पर ठहराव न होने के कारण अब यात्रियों को अपनी यात्रा पूरी करने या ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली सराय रोहिल्ला (DEE) या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन (DLI) तक का सफर तय करना होगा। इससे न सिर्फ यात्रियों का समय बर्बाद होगा, बल्कि उनकी जेब पर अतिरिक्त किराए का बोझ भी बढ़ेगा।   रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का शेड्यूल और मौजूदा स्टॉपेज की स्थिति रेलवे हेल्पलाइन 139 या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अवश्य चेक कर लें।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static